मध्य प्रदेश के युवक की लखनऊ में सड़क हादसे में मौत, मोबाइल फोन से हुई पहचान
संवाद सूत्र, बंथरा (लखनऊ)। मध्यप्रदेश के छतरपुर निवासी 32 वर्षीय युवक की बंथरा के कटी बगिया इलाके में गुरुवार की शाम सड़क हादसे में मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मोबाइल फोन से युवक की शिनाख्त कर सूचना परिवारजन को दी है। शव को पोस्टमार्टम गृह में रखवाया गया है।
बंथरा थाना प्रभारी राणा राजेश कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार शाम कटी बगिया में बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी थी। मौके पर पहुंचकर टीम ने छानबीन की तो उसके पास मिले मोबाइल फोन से युवक की शिनाख्त छतरपुर जिले के हिंदौर गांव निवासी 30 वर्षीय राजेश कुमार के रूप में हुई।
इंस्पेक्टर के मुताबिक, राजेश अपनी बाइक से बंथरा से कानपुर की ओर जा रहे थे। उनकी बाइक के पिछले हिस्से में लोहे की एक लंबी राड लगी थी। युवक ने हेलमेट भी नहीं पहना था। पुलिस को आशंका है कि राड में टक्कर लगने से हुई हादसा हुआ है। फिलहाल पुलिस ने परिवार को सूचित कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू की है। |
|