LHC0088 • 3 hour(s) ago • views 967
अब जिला अस्पतालों में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए होगा वैक्सीनेशन। फोटो: सांकेतिक
जागरण संवाददाता, नोएडा। सीएम योगी के निर्देश पर गौतमबुद्ध नगर समेत सभी जनपदों में 14 वर्ष की किशोरियों में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी (ह्यूमेन पेपिलेमा वायरस) वैक्सीन लगाने का अभियान शुरू होगा।
बुधवार को शासन के अधिकारियों ने आनलाइन बैठक में दिशा-निर्देश दिए। चिकित्सक और स्टाफ को प्रशिक्षण भी दिया गया। अधिकारियों ने लगभग 20 हजार बालिकाओं को वैक्सीन लगाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डाॅ. रविंद्र सिरोहा ने बताया कि शासन के अधिकारियों ने विशेषतौर पर 14 वर्ष से अधिक और 15 वर्ष से कम उम्र वाली बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाने के निर्देश मिले हैं। इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
सबसे पहले जिला अस्पताल, सीएचसी और मेडिकल काॅलेजों में वैक्सीन लगाना शुरू होगा। शासन से अभी तक इसकी तारीख निर्धारित नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि जनपद में 12 कोल्ड चेन सेंटर हैं।
वैक्सीनेशन के लिए कराना होगा ऐप पर पंजीकरण
उनकी मदद से विभिन्न स्थानों पर एचपीवी वैक्सीन लगाने का अभियान सफल कराया जाएगा। 14 वर्ष की बालिकाओं को एक डोज लगाई जाएगी। उप-मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. उब्बैद कुरैशी ने बताया कि टीकाकरण अभियान डाॅक्टर की निगरानी में होगा।
किसी भी जनपद की बालिका सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल आकर वैक्सीन लगवा सकती है। इससे पहले उन्हें ऐप पर पंजीकरण कराना होगा। उसके साथ 14 वर्ष का जन्म प्रमाणपत्र देना अनिवार्य होगा। साथ ही अभिभावक लिखकर देंगे कि उनकी बेटी को पहले एचपीवी वैक्सीन नहीं लगी है। इस तरह पूरा रिकाॅर्ड बनाकर उन्हें वैक्सीन लगेगी।
यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में 60 करोड़ की जमीन से हटा अवैध कब्जा, भनौता गांव में जमकर गरजा बुलडोजर |
|