गोहर में पीलिया के 10 नए मामले, कुल संख्या 147 हुई (फाइल फोटो)
संवाद सहयोगी, गोहर (मंडी)। मंडी के गोहर उपमंडल में पीलिया के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बुधवार को 10 नए मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 147 हो गई है। इनमें से 40 मरीज वर्तमान में एक्टिव हैं, जबकि अन्य स्वस्थ हो चुके हैं। लगातार बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है।
बीमारी के प्रसार को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव-गांव जाकर सर्वे कर रही हैं। जिन घरों में मरीज मिले हैं, वहां विशेष निगरानी रखी जा रही है। कई परिवारों में एक से अधिक सदस्य संक्रमित पाए जाने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हालांकि विभाग का दावा है कि समय पर जांच और उपचार से मरीज तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं।
बीएमओ बगस्याड़ डॉ. राकेश रोशन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी लक्षण की अनदेखी न करें और झोलाछाप से इलाज कराने से बचें। उधर, जलशक्ति विभाग ने गोहर, चैलचौक और बासा क्षेत्र से पेयजल के सात सैंपल भरकर जांच के लिए भेजे हैं। संदिग्ध जलस्रोतों की पहचान कर उन्हें सील करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों को उबला हुआ पानी पीने, साफ-सफाई रखने और भोजन से पहले हाथ धोने के प्रति जागरूक किया जा रहा है। डेढ़ माह बीतने के बावजूद बीमारी के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। बढ़ते मामलों को देखते हुए जलशक्ति विभाग ने नए सिरे से समीक्षा करने का निर्णय लिया।
ज्यूणी खड्ड के आसपास के प्रभावित क्षेत्र से बुधवार को पीलिया के सात नए मामले आए हैं। लोगों से आग्रह है कि वह उबला हुआ पानी ही पिंए। - डॉ. राकेश रोशन, बीएमओ, बगस्याड़
बुधवार को गोहर,चैलचौक व बासा से पानी के सात सैंपल भरे गए है। पीलिया के बढ़ते मामलों को देखते हुए नए सिरे से समीक्षा करने का निर्णय लिया गया है। पेयजल स्त्रोतों व बावड़ियों के सैंपल फिर से भरे जाएंगे। - कृष्ण कुमार, अधिशाषी अभियंता, जलशक्ति विभाग बग्गी मंडल |
|