38 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों का 19 सह-शिक्षा स्कूलों में विलय (फाइल फोटो)
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल स्कूल शिक्षा विभाग ने विभिन्न जिलों के 38 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों का विलय कर उन्हें एक सह शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के रूप में पुनर्गठित किया है। विलय के बाद ये 19 स्कूल होंगे। ये सभी स्कूल सीबीएसई से संबद्ध होंगे। सचिव शिक्षा विभाग राकेश कंवर ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। 21 छात्र व छात्रा वाले स्कूलों को भी सह शिक्षा बनाया है।
अब ये स्कूल एक ही परिसर या प्रशासन के तहत सह शिक्षा विद्यालय के रूप में संचालित किए जाएंगे। जबकि 21 सह शिक्षा बने स्कूलों में एक स्कूल शिक्षा बोर्ड व एक सीबीएसई से संबद्ध होगा।
विभाग के अनुसार, लीड स्कूल को सीबीएसई संबद्धता के साथ संचालित किया जाएगा, जबकि कुछ विद्यालय हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड के अंतर्गत ही रहेंगे। विलय के बाद लीड स्कूल के प्रधानाचार्य को ही नए सह शिक्षा विद्यालय का प्रधानाचार्य बनाया है। गैर लीड (पूर्व गर्ल्स/ब्वायज) स्कूलों के प्रधानाचार्य संबंधित उपनिदेशक, माध्यमिक शिक्षा कार्यालय में रिपोर्ट करेंगे।
सभी शिक्षकों एवं गैर शिक्षकों का प्रशासनिक नियंत्रण अब नए सह शिक्षा विद्यालय के प्रधानाचार्य के अधीन होगा। कोटखाई और जुब्बल के पूर्व गर्ल्स स्कूल भवनों का उपयोग क्रमशः केंद्रीय विद्यालय और स्पोर्ट्स हास्टल के लिए किया जाएगा। राज्य सरकार का उद्देश्य संसाधनों का बेहतर उपयोग, स्टाफ का तार्किक समायोजन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप शैक्षणिक व्यवस्था सुनिश्चित करना है। |
|