नरकटियागंज-बेतिया-मुजफ्फरपुर रेलखंड पर 5 दिनों के बाद फिर दौड़ने लगी ट्रेनें
संवाद सहयोगी, नरकटियागंज। नरकटियागंज-बेतिया-मुजफ्फरपुर रेलखंड में नॉन इंटरलॉकिंग कार्य को लेकर 5 दिनों से पैसेंजर ट्रेनों के निरस्तीकरण व एक्सप्रेस ट्रेनों के रूट डायवर्ट के कारण यात्रियों को परेशानी हो रही थी। कार्य समापन के बाद बुधवार को नरकटियागंज व बेतिया रेलखंड से तमाम एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन शुरू किया गया।
उक्त रेलखंड से ट्रेन परिचालन शुरू होने के बाद यात्रियों को राहत मिली है। वहीं, नरकटियागंज जंक्शन पर डाउन रूट में सफर करने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ने से स्टेशन काफी गुलजार दिख रहा है।
इस संबंध बताया जाता है कि बेतिया-कुमारबाग सेक्शन में एनआई कार्य को लेकर 5 दिनों से एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह से बंद किया गया था। जिसमें वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन व सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन समेत 15 जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन सिकटा रेलखंड से किया जा रहा था।
वहीं, दो जोड़ी सवारी गाड़ियों का परिचालन 17 फरवरी तक पूरी तरह से बंद था। इधर, डाउन रूट की ट्रेनों के परिचालन होने के कारण काफी संख्या में जंक्शन पर यात्री पहुंचे हुए थे। भीड़ को लेकर आरपीएफ एवं रेल पुलिस भी मुस्तैद दिखी तथा तमाम ट्रेनों के परिचालन शुरू होने से जंक्शन परिसर गुलजार दिख रहा था। |
|