मुजफ्फरपुर में पश्चिम बंगाल की महिला से रेप, हालत बिगड़ी तो निजी अस्पताल में भर्ती कराकर छोड़ा
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। पश्चिम बंगाल की युवती को दुष्कर्म के बाद बदमाशों ने अहियापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करा छोड़ दिया। होश आने पर पीड़िता ने मामले की सूचना अस्पताल संचालक की ओर से पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने उसे एसकेएमसीएच में भर्ती कराया और उसका बयान दर्ज किया।
पीड़िता ने बताया कि फेसबुक से समीर राज उर्फ सेहबान से दोस्ती हुई थी। उसने उसे पश्चिम बंगाल से वैलेंटाइन डे 14 फरवरी को बुलाया था। बखरी में एक मकान में उसे रखकर दुष्कर्म कर रहा था। उसे चेन्नई ले जाने की बात बोलकर उसके बेटे को भी 15 फरवरी को बुला लिया।
वह जब चेन्नई नहीं ले गया और उसके साथ गलत करता रहा तो तंग होकर घर जाने को बोली। आरोपित उसे ट्रेन से घर पहुंचाने की बात कही। इसके बाद समीर ने दोस्त सुशील कुमार को बुला लिया। बेटे को बेच देने की धमकी देने लगा। उससे रुपये की डिमांड की।
डरी-सहमी उसने पति से 10 हजार रुपये मंगवाए। इसके बाद फिर दुष्कर्म किया। हालत बिगड़ी तो उसे बेहोशी की हालत में एनएच-57 स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करा फरार हो गया।
पुलिस ने बताया घटनास्थल की जांच की जा रही है। बयान के आधार पर आरोपित की गिरफ्तारी की कवायद शुरू कर दी गई है। एसआइ प्रमोद प्रसाद ने बताया निजी अस्पताल संचालक को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। |
|