ओडिशा विधानसभा में धान खरीद पर घमासान
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन बुधवार को भारी हंगामे के कारण कार्यवाही बाधित रही, जिसके चलते सदन को सुबह 11:30 बजे तक एवं फिर अपराह्न 4 बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा। विपक्षी सदस्यों ने धान खरीद में कथित अनियमितताओं को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के मुताबिक सदन की कार्यवाही शुरू होते ही बीजू जनता दल (बीजेडी) और कांग्रेस के सदस्यों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।उन्होंने राज्यभर की धान मंडियों में बड़े पैमाने पर कुप्रबंधन का आरोप लगाया।
धान की गड्डियां लेकर वेल ऑफ द हाउस में पहुंचे
विरोध जताने के लिए विधायक हाथों में धान की गड्डियां लेकर वेल ऑफ द हाउस में पहुंच गए, जिससे किसानों की समस्याओं को प्रतीकात्मक रूप से उजागर किया गया।विभिन्न पोस्टर लेकर विरोधी दल के सदस्यों ने सदन में नारेबाजी करते रहे और किसानों की समस्या पर चर्चा करने की मांग करने लगे।
बीजेडी के वरिष्ठ नेता रोमांच रंजन बिस्वाल विशेष रूप से चर्चा में रहे, जब वे सिर पर धान की गड्डी रखकर विधानसभा में प्रवेश करते दिखाई दिए।नाटकीय अंदाज़ में विपक्षी सदस्यों ने रिपोर्टर्स टेबल पर भी धान रख दिया और धान खरीद में हो रही देरी व कथित अनियमितताओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
दोबार स्थगित हुई सदन की कार्यवाही
सदन में हंगामा जारी रहने से विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने बार-बार सदस्यों से शांति बनाए रखने और कार्यवाही चलने देने की अपील की, लेकिन शोरगुल और नारेबाजी जारी रही। निर्धारित कार्य नहीं हो पाने के कारण अंततः अध्यक्ष को सदन की कार्यवाही सुबह 11:30 बजे तक स्थगित करनी पड़ी।
11:30 बजे दोबारा जब कार्यवाही शुरू हुई पुन: वही स्थिति जारी रही जिससे विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही को अपराह्न 4 बजे तक के लिए स्थगित घोषित कर दिया।
कार्यसूची के अनुसार, राज्यपाल के बजट अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा बुधवार से शुरू होकर अगले दिन तक चलनी थी। हालांकि, लगातार हो रहे व्यवधानों के कारण बजट सत्र की शेष कार्यवाही के सुचारू संचालन पर अनिश्चितता के बादल मंडराने लगे। |