चालकों और परिचालकों के अवकाश पर लगेगी रोक। जागरण
जागरण संवाददाता, बस्ती। होली के पर्व को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए 28 फरवरी से नौ मार्च तक परिवहन निगम की अतिरिक्त बसों की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी। अधिक से अधिक बसों को लगाया जाएगा। इसके लिए प्रोत्साहन योजना भी संचालित की जाएगी।
होली के पूर्व एवं समाप्ति के पश्चात यात्रियों के बढ़े हुए आवागमन के दृष्टिगत परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 28 फरवरी से नौ मार्च तक अधिक से अधिक बसों का संचालन किया जाना आवश्यक है। इस अवधि में निगम के संचालन की आय में अधिकाधिक वृद्धि के उद्देश्य से पूर्व की भांति विशेष प्रोत्साहन योजना भी लागू की गई है।
प्रोत्साहन अवधि के प्रारम्भिक दिवसों में दिल्ली से पूर्वी दिशा के यात्रियों को ले जाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में बसें चलायी जानी हैं। ऐसी ही व्यवस्था लखनऊ व कानपुर महानगरों में भी की जानी है। होली पर्व के दृष्टिगत 28 फरवरी से नौ मार्च तक रोडवेज के समस्त अधिकारी व कर्मचारी, संविदा व आउटसोर्सिंग पद्धति पर आबद्ध कार्मिकों की विशेष परिस्थितियों के अलावा छुट्टी पर रोक रहेगी।
यह भी पढ़ें- बस्ती में छुट्टी पर आए फौजी की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस
होली पर जिले के परदेशियों को लाने ले जाने के लिए परिवहन निगम द्वारा अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाएगी। दिल्ली, कानपुर, लखनऊ समेत अन्य रूटों पर स्पेशल बसें चलाई जाएंगी। बस्ती रोडवेज डिपो के बेड़े में निगम की कुल 103 और 34 अनुबंधित बसें संचलित हैं। दिल्ली रूट पर सबसे अधिक बसों का संचालन किया जाता है।
चार मार्च को हाेली है, ऐसे में करीब एक सप्ताह पहले से लोग अपने घरों की ओर रुख करने लगेंगे। दिल्ली रूट पर करीब 30 बसाें को बढ़ाया जा सकता है। डिपो प्रशासन की ओर से बस स्टेशन पर शिफ्ट के हिसाब से कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। वहीं, चालक-परिचालकों के लिए प्रोत्साहनराशि की व्यवस्था होगी। एक मार्च से लगातार बसों का संचालन होगा।
होली पर अतिरिक्त बसों के संचालन के लिए रणनीति तैयार की गई है। साथ ही बसों के फेरे भी बढ़ाए जाएंगे। जहां के यात्री अधिक होंगे, पहले वहां बस भेजी जाएगी। आवश्यक्तानुसार बसों का संचालन किया जाएगा। -
-आयुष भटनागर, एआरएम, बस्ती |
|