search

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात शुरू, तापमान लुढ़कने से बढ़ी ठंड; फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ

cy520520 1 hour(s) ago views 227
  

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई है।  



राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में ठंडी हवाओं के साथ बादल छाने से सर्दी का असर बढ़ा दिया है। जनजातीय और ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में रात से शुरू हुई हल्की बर्फबारी से तापमान लुढ़का है। राजधानी शिमला सहित कई शहरों में सुबह से ही सर्द हवाओं के कारण लोगों को गर्म कपड़ों और हीटर व अलाव का सहारा लेना पड़ा है।
पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम

मौसम विभाग के अनुसार ताजा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी दर्ज की जा रही है। लाहुल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चंबा की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी से शीतलहर जैसे हालात बन गए हैं। कई स्थानों पर दिनभर बादल छाए रहने से धूप का असर कम रहा।

  
चार दिन बाद सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ

विभाग के मुताबिक आज भी कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा या बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। हालांकि 19 से 22 फरवरी तक अधिकांश हिस्सों में मौसम सामान्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। 23 फरवरी को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे ऊंचे क्षेत्रों में फिर हल्की बर्फबारी और कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
तापमान में आई गिरावट

पिछले दिनों लगातार धूप निकलने से अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा था, लेकिन अब बादलों और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। ऊंचाई वाले जनजातीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है, जिससे सुबह-शाम कड़ाके की ठंड का अहसास हो रहा है।



मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक रात का तापमान कम बना रह सकता है, जबकि दिन का तापमान धीरे-धीरे सामान्य स्तर के आसपास पहुंच सकता है।
सतर्कता बरतने की जरूरत

ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी से जहां पर्यटन कारोबारियों को उम्मीद जगी है, वहीं किसानों-बागवानों को भी नमी मिलने की राहत मिली है। हालांकि सड़कों पर फिसलन और ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ने से लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। मौसम के इस बदले मिजाज ने एक बार फिर फरवरी में सर्दी की वापसी का अहसास करा दिया।

यह भी पढ़ें: हिमाचल प्रदेश में फिर होगा हिमपात, 4 जिलों में बर्फ गिरने की संभावना; सप्ताहभर कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1510K

Credits

Forum Veteran

Credits
159454