Indian Railways : 15463/15464 बालूघाट सिलीगुड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखा रवाना करते अतिथि।
संवाद सहयोगी, कटिहार। भारतीय रेल : कटिहार रेलमंडल अंतर्गत रामपुर बाजार रेलवे स्टेशन पर भव्य उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला, जब गाड़ी संख्या 15463/15464 बालूघाट सिलीगुड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस के नियमित ठहराव के उपलक्ष्य में समारोह आयोजित किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर ट्रेन संख्या 15464 को हरी झंडी दिखाकर विधिवत रवाना किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. सुकांता मजूमदार और विधायक बुढ़ाई टुडू उपस्थित रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रवासियों को इस महत्वपूर्ण रेल सुविधा की बधाई दी और इसे आमजन की लंबे समय से चली आ रही मांग की पूर्ति बताया। उन्होंने कहा कि इस ठहराव से न केवल यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, बल्कि यह क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति प्रदान करेगा।
इस अवसर पर कटिहार रेलमंडल के मंडल रेल प्रबंधक किरेंद्र नरह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनूप कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी अमित सिंह, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता, उप मुख्य परियोजना प्रबंधक/जीएस, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता, मंडल सुरक्षा आयुक्त, मंडल अभियंता/आई सहित कई वरिष्ठ रेल अधिकारीगण उपस्थित थे।
समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी शामिल हुए। उन्होंने इस ठहराव को क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी उपलब्धि बताया और उम्मीद जताई कि इससे रोजमर्रा के आवागमन में काफी सुविधा होगी। व्यापार, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में भी इसका सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेगा।
विधायक और अन्य अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को इस रेल सुविधा के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि यह ठहराव यात्रियों के समय की बचत करेगा और क्षेत्र में आने-जाने की प्रक्रिया को सरल बनाएगा। इसके अलावा आसपास के कस्बों और गांवों के निवासियों को भी लंबी दूरी तय किए बिना अपने गंतव्य तक पहुंचने का लाभ मिलेगा। रेल अधिकारियों ने बताया कि इस ठहराव के बाद यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियमित ट्रेन संचालन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर ने क्षेत्रवासियों में खुशी और गर्व की भावना पैदा की। |