सांकेतिक तस्वीर
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस पर बदमाशों ने फिर पत्थर चलाकर एक खिड़की का शीशा तोड़ डाला। लगातार राजधानी, वंदे भारत, मौर्य सहित अन्य ट्रेनों में हो रही पत्थरबाजी और छिनतई, चोरी की घटनाओं के कारण यात्रियों में भारी दहशत है।
यह घटना मानसी स्टेशन से आगे बढ़ने के बाद हुई। घटना की सूचना मुजफ्फरपुर आरपीएफ को दी गई। राजधानी एक्सप्रेस के मुजफ्फरपुर पहुंचने पर आरपीएफ ने अटैंड किया। इस बीच ट्रेन में चल रहे सीएनडब्ल्यू के रेल कर्मियों ने शीशा बदल दिया।
इसको लेकर काफी देर तक कई स्टेशनों की आरपीएफ आपस में उलझी रही। ट्रेन में चल रहे एस्काट पार्टी की ओर से बयान लेकर कंट्रोल को भेजा गया, लेकिन इस मामले को लेकर कोई भी आरपीएफ अधिकारी कुछ भी बताने को तैयार नहीं हैं।
जानकारी के अनुसार पत्थरबाजी के कारण ए-4 खिड़की का शीशा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। 17 नंबर बर्थ पर के दीमापुर से नई दिल्ली की सफर कर रहे यात्री काफी डर गए। संयोग अच्छा रहा कि खिड़की का शीशा टूटने के बाद भी यात्री को कोई चोट नहीं लगी।
यात्री का बयान है कि मानसी से ट्रेन आगे बढ़ने पर अचानक तेज आवाज के साथ शीशा टूट गया। केस दर्ज होने के बाद आरपीएफ, जीआरपी छानबीन में जुट गई है।
पत्थर चलने की सूचना फौरन एस्कार्ट को नहीं मिलती
ट्रेन पर पत्थर चलने की सूचना फौरन एस्कार्ट पार्टी को नहीं मिलती है। करीब सौ-डेढ़ सौ किलोमीटर आगे जाने के बाद पता चलने पर पार्टी की ओर से अगले स्टेशन को खबर किया जाता है। इस कारण कई स्टेशन पार हो जाने से जीआरपी-आरपीएफ को बदमाशों को पकड़ना मुश्किल हो गया है। |
|