पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं भाजपा नेता का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल।
संवाद सूत्र, कांधला (शामली)। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं भाजपा नेता मनीष चौहान का मंगलवार देर शाम एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ, जिसमें वह ऊर्जा निगम के जेई से मोबाइल पर बातचीत कर रहे हैं। इस दौरान वह उग्र हो जाते हैं और बिजलीघर में ही आग लगाने की बात करते सुनाई-दिखाई दे रहे हैं। आसपास बड़ी संख्या में लोग भी मौजूद हैं।
कांधला क्षेत्र क्षेत्र के गांव डुंडूखेडा में कई दिन पहले जेई सत्यप्रकाश अपनी टीम के साथ बिजली चोरी और बकाया बिल जमा करवाने के लिए गए थे। इस दौरान गांव के एक मुहल्ले में बकाया बिल को लेकर विद्युत कर्मचारी और ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया था। विद्युत कर्मचारी ने आरोप लगाया था कि ग्रामीणों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए भगा दिया था। कर्मचारियों ने कई लोगों के केबल उतार दिए थे। तभी से ग्रामीणों के घरों में अंधेरा है। जेई ने ग्रामीणों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी।
इसके बाद ग्रामीणों ने मामले में विद्युत अधिकारियों का अवगत कराया था। आरोप है कि जो भी लाइनमैन गांव में तार जोड़ने के लिए जाता था, जेई उसे बुला लेते हैं। इस संबंध में ग्रामीणों ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं भाजपा नेता मनीष चौहान से शिकायत की थी। इसके बाद मनीष चौहान गांव में पहुंचे थे।
इस दौरान उन्होंने जेई से फोन पर बात की थी, तभी वह भड़क गए और कहने लगे की मुझसे बहस करोगे, मुझे चैलेंज करोगे। इसके बाद उनके बोल और भी बिगड़ गए और बिजलीघर में ही आग लगाने की बात कहने लगे। उधर से आवाज आ रही है कि आपका ही बिजलीघर है, आग लगा दो। इस दौरान उनके पास बड़ी संख्या में लोग भी खड़े थे, और मोबाइल फोन भी स्पीकर पर था। वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया था, जो मंगलवार देर शाम इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया।
प्रसारित वीडियो चार-पांच दिन पुराना बताया जा रहा है। इस मामले में जेई सत्य प्रकाश ने बताया कि वीडियो की जानकारी नहीं है। कई दिन पहले डुंडूखेड़ा के कई ग्रामीणों का खिलाफ थाने पर तहरीर दी गई थी, लेकिन आज तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। वहीं, भाजपा नेता मनीष चौहान से इस संबंध में बात करने के लिए दो बार फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। इसके बाद वाट्सएप पर मैसेज भी भेजा, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
यह भी पढ़ें- Delhi Kanpur Highway पर भी भर सकेंगे फर्राटा, बनेंगे तीन नए पुल, कटेंगे 437 पेड़ और 1912 पौधे |