हमले में घायल युवक का टीएमएच में चल रहा इलाज।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। बर्मामाइंस थाना अंतर्गत ईस्ट प्लांट बस्ती में पुरानी रंजिश के चलते एक बार फिर खूनी संघर्ष हुआ है। बदमाशों ने घात लगाकर टिंकू सिंह और उनके एक साथी पर चापड़ (धारदार हथियार) से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में दोनों बुरी तरह घायल हो गए हैं, जबकि हमलावर मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
टीएमएच में चल रहा है इलाज
वारदात के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाई और दोनों घायलों को लहूलुहान स्थिति में टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की स्थिति फिलहाल गंभीर लेकिन स्थिर बनी हुई है। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का बयान लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुरानी रंजिश का मामला घटना की सूचना मिलते ही बर्मामाइंस पुलिस मौके पर पहुंची और चश्मदीदों से पूछताछ की। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, यह हमला पुरानी रंजिश का परिणाम लग रहा है। पुलिस अब क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
शहर में बढ़ा चापड़ कल्चर गौरतलब है कि जमशेदपुर में पिछले कुछ दिनों में चापड़ से हमला करने की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। हाल ही में टेल्को के तार कंपनी जंगल में भी इसी तरह की वारदात में एक युवक की हत्या कर दी गई थी। लगातार हो रही इन हिंसक घटनाओं से बर्मामाइंस और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने स्थानीय लोगों को आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। |