डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। गुजरात की 6 अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी के बाद हड़कंप मच गया। अधिकारियों के मुताबिक, अहमदाबाद, वडोदरा, वलसाड, राजकोट, गांधीनगर और मेहसाणा की कोर्ट को धमकी भरे ईमेल मिले हैं। बम की धमकी मिलने बाद अधिकारियों ने सभी अदालतों की तलाशी ली। हालांकि जांच के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि वडोदरा डिस्ट्रिक्ट कोर्ट को भेजे गए एक ईमेल में दावा किया गया था कि कोर्ट परिसर में बम रखे गए हैं।
डीसीपी, जोन 2 मनीता वंजारा ने कहा, \“\“मेल में लंच टाइम तक कोर्ट परिसर में बम लगाने की धमकी दी गई थी। धमकी देने वाले ने तमिलनाडु कोर्ट के फैसले की आलोचना की थी। वडोदरा SOG, बम डिक्टेशन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड , डॉग स्क्वॉड, लोकल पुलिस और साइबर एक्सपर्ट्स की एक टीम सुबह करीब 11 बजे मौके पर पहुंची। कोर्ट परिसर को घेर लिया गया और कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।\“\“
जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला
वलसाड के पुलिस सुपरिटेंडेंट युवराज सिंह जडेजा ने बताया कि वलसाड में, डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के 19 कोर्ट रूम खाली करा लिए गए, क्योंकि एक ईमेल में दावा किया गया था कि कोर्ट में 19 इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) लगाए गए हैं, जो दोपहर की नमाज से पहले ब्लास्ट करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि सर्च के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
अधिकारियों ने कन्फर्म किया कि राजकोट, गांधीनगर और अहमदाबाद के डिस्ट्रिक्ट कोर्ट भी मंगलवार सुबह खाली करा लिए गए, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। दोपहर में, मेहसाणा डिस्ट्रिक्ट कोर्ट को भी बम की धमकी वाला ईमेल मिला, जिसके बाद उसे खाली करा लिया गया।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ) |