तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने सोमवार को ट्रांसपोर्टनगर, एकला बांध और बंधु सिंह पार्क में निर्माणाधीन मल्टीलेवल पार्किंग परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की और निर्धारित समय सीमा के अनुरूप काम न होने पर नाराजगी व्यक्त की।
मुख्यमंत्री के द्वारा इनका उद्घाटन की संभावना को देखते हुए नगर आयुक्त ने संबंधित कार्यदायी संस्था और अभियंताओं को सख्त निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि हर हाल में 15 दिन के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाए।
दरअसल, घंटाघर इलाके में बढ़ते वाहनों के दबाव और यातायात अव्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए इन मल्टीलेवल पार्किंग स्थलों का जल्द से जल्द शुरू होना अत्यंत आवश्यक है। घंटाघर इलाके में जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए लगभग 27.26 करोड़ की लागत से एक आधुनिक मल्टीलेवल पार्किंग और कमर्शियल कांप्लेक्स लगभग बनकर तैयार है, लेकिन तकनीकी कारणों से इसके शुरू होने में देरी हो रही है।
वहीं, नगर आयुक्त ने ट्रांसपोर्टनगर में निर्माणाधीन व्यावसायिक कांप्लेक्स के निर्माण के दौरान गुणवत्तापूर्ण तरीके से काम करने और श्रमशक्ति बढ़ाकर काम में तेजी लाने का निर्देश दिया। इसके अलावा एकला बांध स्थित पार्क में मुख्य द्वार का निर्माण कराने, इंट्री गेट का निर्माण करने, शेल्फी प्वाइंट का काम जल्द पूरा करने का भी निर्देश दिया।
यह भी पढ़ें- होली में ही निरस्त कर दी अवध-असम, खाली हाथ हो गए कन्फर्म टिकट के यात्री
दरअसल, एकला बांध पर 8.17 करोड़ रुपये की लागत से 1100 मीटर लंबा और 14 मीटर चौड़ा 4-लेन सीसी रोड बना रहा है। जाम से राहत दिलाने और क्षेत्र को राप्ती रिवर फ्रंट के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से चल रही परियोजना में भी देरी हो रही है।
इन सब चीजों को देखते हुए नगर आयुक्त ने चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा में कार्य पूर्ण नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों के खिलाफ जवाबदेही तय की जाएगी। इस दौरान नगर निगम के मुख्य अभियंता अमित कुमार शर्मा के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद रहे। |
|