मौके पर पहुंची पुलिस।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव बसीकलां में सोमवार-मंगलवार की रात घर के भीतर हुई सनसनीखेज वारदात में चार वर्षीय मासूम इसरा की मौत हो गई, जबकि उसकी मां फिरदौस और तीन भाई-बहन घायल हो गए। पुलिस ने मामले में महिला की ननद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और घटना में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
घर में घुसकर किया हमला, एक बच्ची लापता दी सूचना
पुलिस के अनुसार रात करीब दो बजे सूचना मिली कि इमरान के घर में घुसकर उसकी पत्नी फिरदौस और बच्चों पर हमला किया गया है तथा एक बच्ची लापता है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए भिजवाया और तलाश के दौरान आंगन में रखे पानी के टैंक से चार वर्षीय इसरा का शव बरामद हुआ। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिरदौस के पेट में चाकू लगने से उसकी हालत गंभीर हो गई
हमले में फिरदौस के पेट में चाकू लगने से उसकी हालत गंभीर हो गई, जिसे जिला अस्पताल से मेरठ रेफर किया गया। वहीं शाद (9), आयशा (8) और नबिया (7) के हाथों में चोट लगने पर शाहपुर सीएचसी में उपचार कराया जा रहा है। सूचना पर एसपी देहात आदित्य बंसल, सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। खुलासे के लिए डॉग स्क्वायड, फोरेंसिक टीम, एसओजी और महिला थाना पुलिस को भी लगाया गया है।
ननद को पुलिस ने हिरासत में लिया
जांच के दौरान पुलिस ने ननद को हिरासत में लिया है। उसकी निशानदेही पर नींद की गोलियों के खाली रैपर, एक दुपट्टा, एक छुरा और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद होने की बात सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक भाभी के प्रेम प्रसंग में बाधा बनने पर वारदात को अंजाम देने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है और अन्य संभावित आरोपितों की तलाश जारी है।
घटना के बाद बच्चों में दहशत
घटना के बाद घायल बच्चों में भारी दहशत है। शाहपुर सीएचसी में भर्ती बच्चों के चेहरे पर डर साफ दिखाई दे रहा है और वे कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के जल्द खुलासे के लिए टीमें गठित कर कार्रवाई की जा रही है। |