बिलासपुर हत्याकांड में पुलिस जांच में कई राज खुले हैं। प्रतीकात्मक फोटो
संवाद सहयोगी, बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में प्रवासी महिला की हत्या मामले में पुलिस जांच के दौरान बड़े और चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार मृतका गुड़िया देवी की हत्या किसी एक व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके पति और दोनों देवरों ने मिलकर साजिश में की थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपित गोविंद राम की यह पहली या दूसरी नहीं, बल्कि तीसरी शादी थी। पहली पत्नी से संबंध ठीक न होने के चलते दोनों का तलाक हो गया था। दूसरी पत्नी की भी आरोपित ने हत्या कर दी थी। तीसरी पत्नी गुड़िया देवी की भी अब हत्या कर दी गई।
हाथ-पांव बांधकर की थी हत्या
जांच में सामने आया है कि एक फरवरी को हत्या में गोविंद राम के दोनों भाई बंसी और गुड्डू भी शामिल थे। बंसी और गुड्डू ने गुड़िया के हाथ-पैर बांधे और उसका मुंह बंद कर दिया था। इसके बाद गोविंद राम ने सामने से राड से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। तीनों ने मिलकर शव को देर रात घर के साथ लगे सेप्टिक टैंक में डाल दिया। हत्या के बाद तीनों आरोपितों ने सेप्टिक टैंक के ढक्कन को सीमेंट से बंद कर दिया ताकि किसी को शक न हो।
वारदात के बाद पुलिस को भी किया गुमराह
वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों भाई बिलासपुर से अपने मूल स्थान झारखंड के लिए निकल गए थे। हालांकि शुरुआती पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और बताया कि गोविंद राम 150 किलोमीटर पहले ही उतर गया था। लेकिन आगे की जांच में खुलासा हुआ कि वह भी अपने भाइयों के साथ घर पहुंचा था और बाद में वहां से फरार हो गया।
गोविंद राम की तलाश
फिलहाल पुलिस ने दो भाई बंशी और गुड़्डू को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे गहन पूछताछ जारी है। मुख्य आरोपित गोविंद राम की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। वहीं, पकड़े गए दो आरोपितों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, इन्हें तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला है।
क्या कहते हैं पुलिस अधीक्षक
पुलिस अधीक्षक बिलासपुर संदीप धवल का कहना है कि अभी तक दो आरोपित बंशी और गुड्डू को पुलिस ने पकड़ा है। तीसरे आरोपित को भी जल्द पकड़ लिया गया जाएगा, पुलिस गहनता से जांच कर रही है। |
|