घटना के बाद जांच में जुटी हरियाणा पुलिस। फोटो जागरण
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद। शहर की अग्रवाल कालोनी में सोमवार को एक 33 वर्षीय युवक ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही बस स्टैंड चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस को मौके से दो पेज का सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें युवक ने अपने इस कदम के लिए स्वयं को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने इस मामले में इत्तफाकियां कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार मृतक अनमोल बंसल हिसार के एक निजी अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के रूप में कार्यरत था। वह अपनी पत्नी और पांच वर्षीय बेटे के साथ मकान की पहली मंजिल पर रहता था, जबकि भूतल पर उसके माता-पिता व छोटा भाई परिवार सहित रहते हैं।
मृतक की पत्नी निजी बैंक में कार्यरत है। सोमवार दोपहर लंच ब्रेक के दौरान जब उसकी पत्नी घर लौटी तो कमरे में जाकर देखा कि अनमोल पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ था। कमरे में कुर्सी बिस्तर पर रखी मिली। बस स्टैंड चौकी प्रभारी सुमित कुमार टीम सहित मौके पर पहुंचे। सीन आफ क्राइम टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
सुसाइड नोट में क्या लिखा
पहले पन्ने में पत्नी और बेटे के नाम लिखे संदेश में अनमोल ने पत्नी की सराहना करते हुए बेटे के बेहतर पालन-पोषण और भविष्य को सुरक्षित रखने की बात कही है। उसने बेटे को अपनी कमी महसूस न होने देने की अपील की और परिवार के साथ मिलकर रहने का आग्रह किया।
दूसरे पन्ने में माता-पिता के लिए लिखे संदेश में उसने कहा कि माता-पिता ने उसके लिए बहुत कुछ किया, लेकिन वह स्वयं को उनकी अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतार पाया। उसने लिखा कि पिछले कुछ समय से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और इस कदम के लिए वह स्वयं जिम्मेदार है।
साथ ही परिवार के किसी सदस्य को दोषी न ठहराने और पत्नी व बेटे का ध्यान रखने की अपील की। वही अपनी पत्नी के बारे में लिखा है कि वो इसी घर में रहे और दूसरी शादी भी ना करें।
पत्नी के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है। सुसाइड नोट मिला था उसमें खुद को ही जिम्मेदार बताया है।
- सुरेंद्रा, शहर थाना प्रभारी। |