जागारण संवाददाता, हरदोई। बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने धौराटांडा डकैती कांड में वांछित चल रहे 4 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जबकि मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की फायरिंग से एक उप-निरीक्षक और एक सिपाही भी घायल हुए हैं।
भोजीपुरा थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मसीत से महेशपुर शिवसिंह मार्ग पर चेकिंग कर रहे थे। तभी एक संदिग्ध पिकअप वाहन आता दिखाई दिया, जिसकी नंबर प्लेट कपड़े से ढकी हुई थी। पुलिस ने जब उसे रोकने का इशारा किया तो चालक ने गाड़ी नहर किनारे दौड़ा दी और अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराई।
पुलिस पर फायरिंग और जवाबी कार्रवाई
खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इससे उप-निरीक्षक रुकमेश सिंह और कांस्टेबल संजय सागर घायल हो गए। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाश अकरम अली निवासी लभेड़ा, हाफिजगंज और आसिफ निवासी तुलसी नगर, बारादरी के पैरों में गोली लगी। मौके से पुलिस ने घेराबंदी कर उनके दो अन्य साथियों, साहिल और शाहिद दोनों पुत्र मो. आरिफ, निवासी तुलसी नगर को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए अभियुक्त 12/13 फरवरी की रात धौराटांडा में हुई डकैती में वांछित थे। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि घायल अभियुक्तों ने 9/10 फरवरी की रात हरदोई के शाहाबाद में भी डकैती की घटना को अंजाम दिया था।
क्या- क्या बरामद हुआ
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से लूटे गए 60,000 रुपए नकद, दो अवैध तमंचे 315 बोर, जिंदा व खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन UP 26T 0241 बरामद किया है। सभी घायल बदमाशों और पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए सीएचसी भोजीपुरा में भर्ती कराया गया है।
तीन दिन पहले हुई थी लूट
बता दे कि बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में गुरूवार रात लूट की घटना सामने आई थी। हथियारों से लैस करीब सात बदमाशों ने चैनल गेट का ताला काटकर घर में घुसपैठ की और गन प्वाइंट पर पूरे परिवार को बंधक बना कर बदमाशों ने घर से 8.32लाख रुपये की नकदी और लाखों के जेवर लूट लिए।
यह भी पढ़ें- ड्राइवर की लापरवाही से शारदा नहर में गिरी तेज रफ्तार बोलेरो, बाल-बाल बचे नौ लोग
जाते समय बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की। हालांकि,परिजनों ने हिम्मत दिखाते हुए भागते समय एक बदमाश को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। |