रोहतक में एनजेडओएसीओएन 2026 संपन्न: डॉ. रूप सिंह अध्यक्ष, नए नेतृत्व का चुनाव।
जागरण संवाददाता, रोहतक। पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय में हड्डी रोग विभाग की ओर से आयोजित एनजेडओएसीओएन 2026 का रविवार शाम को समापन हुआ। इस सम्मेलन में नार्थ जोन के चिकित्सा जगत के कई दिग्गजों ने शिरकत की और अपने अनुभव साझा किए। कांफ्रेंस के दौरान डॉ. रूप सिंह को नार्थ जोन का सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया।
उन्होंने कहा कि वे अपने पद का उपयोग क्षेत्र में चिकित्सा सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए करेंगे। उन्होंने अपने कार्यकाल में हड्डी रोग विभाग की गतिविधियों को विस्तार देने और नवीनतम तकनीकों को अपनाने का वादा किया।
इसके अलावा, डॉ. आशीष देवगन को नार्थ जोन का वाइस प्रेसिडेंट चुना गया। डॉ. देवगन ने अपने अनुभव और ज्ञान का उपयोग करके नार्थ जोन और विभाग को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की प्रतिबद्धता जताई।
डॉ. उमेश यादव ने जानकारी दी कि डॉ. जितेंद्र वाधवानी को नार्थ जोन के लिए हरियाणा राज्य का सदस्य बनाया गया है। कॉन्फ्रेंस के दौरान रविवार को घुटने बदलने, रीढ़ की हड्डी की टीबी, दूरबीन से टीबी का इलाज, कंधे की चोट के इलाज पर विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होंने बताया कि कॉन्फ्रेंस में बेस्ट पेपर प्रतियोगिता में डॉ. पुनीत यादव को प्रथम स्थान मिला, डॉ. साग्निक व डॉ. निखिल को द्वितीय स्थान मिला, वहीं डॉ. अमृतपाल को तृतीय स्थान मिला। पीजी क्विज प्रतियोगिता में डॉ. आकाश व डॉ. पलक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। |