search

RJD विधायक सावित्री देवी के करीबी के घर पर बमबाजी-आगजनी, बदमाशों ने लूटे जमीन के कागजात और जेवरात

cy520520 5 hour(s) ago views 350
  

राजद विधायक सावित्री देवी के करीबी के घर पर बमबाजी और आगजनी



संवाद सूत्र, चंद्रमंडी (जमुई)। चकाई थाना क्षेत्र की पेटरपहाड़ी पंचायत अंतर्गत झगरूडीह गांव में रविवार की रात करीब दो बजे आठ नकाबपोश बदमाशों ने राजद नेता एवं चकाई विधायक सावित्री देवी के करीबी सुरेश पासवान के घर पर बमबाजी और आगजनी की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

बताया जाता है कि सुरेश पासवान अपनी पत्नी के साथ बेटी के इलाज के लिए पिछले दो दिनों से पटना में थे। सूचना मिलने के बाद वे सोमवार की दोपहर घर पहुंचे। सुरेश पासवान की पुत्री रूपा ने बताया कि घटना के समय घर में कोई पुरुष सदस्य मौजूद नहीं था। घर में उनकी भाभी पूजा देवी और रीता देवी थीं।

रात करीब दो बजे जब वह मवेशियों को देखने बाहर निकली, तभी चाकू से लैस आठ नकाबपोश अपराधियों ने घर को घेर लिया और उनके पिता के बारे में पूछताछ करने लगे। पिता के घर पर नहीं होने की बात कहने पर बदमाशों ने उसका मुंह दबा दिया, मारपीट की और घर में घुस गए।

इस दौरान अपराधियों ने घर की महिलाओं को कमरे में बंद कर बक्से की चाबी मांगी। चाबी नहीं देने पर ताला तोड़ दिया और जमीन से संबंधित कागजात, राशन कार्ड, सोने की चेन, चांदी की पायल, 1100 रुपये नकद, आधार कार्ड, जाब कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज निकाल लिए। बाद में घर के समीप कागजात में आग लगा दी, जिससे झोपड़ी भी जल गई।

स्वजनों के अनुसार, बदमाशों ने दो देसी बम भी फोड़े और जाते-जाते घर के सामने सरकारी नाले के पास एक जिंदा सुतली बम छोड़ गए। शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे और बाहर से गेट खोलकर परिवार को बाहर निकाला तथा आग बुझाई। वहीं, घटना की सूचना रात में ही पुलिस को दी गई।

सूचना पर चकाई थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। दोपहर बाद बम निरोधक दस्ते ने जिंदा बम को निष्क्रिय किया। एफएसएल टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी है।

जमीन संबंधी कागजात जलाए जाने को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोग घटना को जमीन विवाद से जोड़कर भी देख रहे हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि विभिन्न बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है और एफएसएल टीम की सहायता ली जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1510K

Credits

Forum Veteran

Credits
158580