फरीदाबाद में बिजली चोरी की जांच करने पहुंची दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की टीम पर हमला।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। भैंसरावली गांव में बिजली चोरी की जांच करने पहुंची दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की टीम पर हमला करने का मामला सामने आया है। थाना तिगांव पुलिस ने नामजद चार लोगों सहित 10-12 अन्य के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी, सरकारी कर्मचारी पर हमला करने, रास्ता रोकने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिजली निगम के सब डिविजन बदरौला में तैनात जेई रविंद्र कुमार शर्मा ने शिकायत में बताया कि सुबह करीब नौ बजे एसडीओ के आदेश पर वह अपनी टीम अमित जेई, पंकज एलएम, उमेद एलएम और रमेश एएलएम के साथ सरकारी गाड़ी से गांव भैंसरावली में दिनेश दीक्षित के घर रुटीन चैकिंग के लिए पहुंचे थे।
टीम ने परिवार को अपना परिचय देकर बिजली चोरी की जांच शुरू की और एक सदस्य को साथ लेकर छत पर गए। आरोप है कि इसी दौरान दिनेश दीक्षित, मोहित दीक्षित और गौरव दीक्षित छत पर आ गए और टीम को जांच से रोकते हुए गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई।
शिकायत के अनुसार आरोपितों ने पिस्तौल लाने और जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद उन्हें नीचे गली में ले जाया गया, जहां पहले से मौजूद 10-12 अन्य लोगों ने भी कथित तौर पर हाथापाई की। नवीन नामक युवक के भी मारपीट में शामिल होने का आरोप है।
घटना में घायल जेई को सिविल अस्पताल बल्लभगढ ले जाया गया, जहां मेडिकल जांच में सिर, आंख, हाथ और सीने पर चोटें पाई गईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआइ बलवान सिंह को सौंपी है।
यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में जानलेवा सड़क हादसों में वृद्धि, मौत के आंकड़े चिंताजनक; क्यों जा रही अधिक जानें? |