ट्रांसफार्मर पर तार जोड़ते समय संविदा पर तैनात लाइनमैन की मृत्यु।
संवादसूत्र, रामपुर बुजुर्ग। ट्रांसफार्मर पर तार जोड़ते समय अचानक आपूर्ति बहाल होने से करंट की चपेट में आए संविदा पर तैनात लाइनमैन की मृत्यु हो गई। नगर पालिका परिषद हाटा के वार्ड गोपाल नगर मदरहां निवासी 38 वर्ष के अमरजीत सिंह लगभग तीन वर्ष से विद्युत केंद्र हाटा पर संविदा लाइनमैन के रूप में तैनात थे।
वह रविवार की दोपहर शट-डाउन लेकर सिंहपुर में ट्रांसफार्मर पर तार जोड़ रहे थे। तभी अचानक आपूर्ति बहाल होने से वे करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। लोगों ने बांस-बल्ली की सहायता से ट्रांसफार्मर पर लटक रहे लाइनमैन को तार से अलग किया।
एंबुलेंस की मदद से लाइनमैन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाटा ले जाया गया। वहां परीक्षण के पश्चात चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना से स्वजन शोक में डूब गए। अमरजीत की तीन बेटियां हैं, जिसमें बड़ी बेटी ज्योति की शादी हो गई है।
घर में पत्नी अनीता, 17 वर्ष की दीया, 14 वर्ष की शिखा व सात वर्ष के अभि हैं। घटना की सूचना पर उपजिलाधिकारी योगेश्वर सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष रामानंद सिंह, प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे आदि अस्पताल पहुंचे। स्वजन को ढ़ाढस बधाया। एसडीएम व नपाध्यक्ष ने हर संभव मदद देने का भरोसा दिया। |