ताजमहल जाने से पहले पुलिस हिरासत में लिए कार्यकर्ता।
जागरण संवाददाता, आगरा। महाशिवरात्रि पर ताजमहल में पूजा-अर्चना और शुद्धिकरण के लिए जा रहे अखिल भारत हिन्दू महासभा के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उन्हें पश्चिमी गेट तक भी नहीं पहुंचने दिया गया। महासभा की जिलाध्यक्ष मीरा राठौर को उनके घर में नजरबंद किया गया है। वह आमरण अनशन पर बैठ गई हैं।
ताजमहल पहुंचने से पहले हिरासत में लिए हिन्दू महासभा के कार्यकर्ता
अखिल भारत हिन्दू महासभा ने महाशिवरात्रि पर शाहजहां के उर्स को निश्शुल्क किए जाने की मांग की थी। ऐसा नहीं किए जाने पर साधु संतों के संग टिकट लेकर ताजमहल में प्रवेश की बात कही थी। इसके लिए महासभा के कार्यकर्ताओं को रामलीला मैदान स्थित श्रीराम हनुमान मंदिर पर सुबह 11 बजे एकत्र होना था। विवाद की आशंका पर सक्रिय हुई पुलिस ने रामलीला मैदान में बबलू निषाद व अन्य कार्यकर्ताओं को आगे नहीं बढ़ने दिया।
मीरा राठौर को घर में किया नजरबंद, आमरण अनशन पर बैठीं
महासभा की महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष मीना दिवाकर, जिलाध्यक्ष मीरा राठौर और नगर महामंत्री नन्दू के घर पुलिस सुबह ही पहुंच गई और उन्हें नजरबंद कर दिया। महासभा के मंडल महामंत्री नितेश भारद्वाज व अन्य कार्यकर्ताओं को ताजगंज पुलिस ने ताजमहल के पास से हिरासत में ले लिया।
मीरा राठौर ने दी चेतावनी
पुलिस की कार्रवाई के विरोध में जिलाध्यक्ष मीरा राठौर अपने निवास पर अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठ गई हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस ने किसी कार्यकर्ता के खिलाफ कार्रवाई की तो वह ताजमहल के अंदर भगवा लहराएंगी और शिवरात्रि मनाएंगी। जब शाहजहां के उर्स में तीन दिन के लिए ताजमहल फ्री हो सकता है तो महाशिवरात्रि पर ताजमहल फ्री क्यों नहीं हो सकता है। |