Jalabhishek On Mahashivratri: महा संयोग के कारण श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में कहीं अधिक देखी जा रही है। फोटो: जागरण
जागरण संवाददाता, शिवहर। Sheohar Mahadev Temple Crowd: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शिवहर स्थित बाबा भुनेश्वरनाथ महादेव मंदिर, देकुली धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। रविवार तड़के से ही पूजन, अर्चन, दर्शन और जलाभिषेक के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं, जो देर तक जारी रहीं।
इस बार रविवार और महाशिवरात्रि के महा संयोग के कारण श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में कहीं अधिक देखी जा रही है। परंपरा के अनुसार रविवार को देकुली धाम में विशेष रूप से जलाभिषेक किया जाता है, जिसके चलते अहले सुबह से ही भक्त मंदिर परिसर में पहुंचने लगे।
इधर, जलाभिषेक को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बागमती नदी के डुबाघाट से लेकर देकुली धाम मंदिर परिसर तक पुलिस बल की तैनाती की गई है। भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।
श्रद्धालुओं में महाशिवरात्रि को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा इलाका भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है। |