search

UP Board Exam: नकल की तो 10 साल जेल और 1 करोड़ जुर्माना! बरेली में 92 हजार छात्रों के लिए कड़ा पहरा

LHC0088 5 hour(s) ago views 345
  

यूपी बोर्ड



जागरण संवाददाता, बरेली। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश बोर्ड की 18 फरवरी से शुरू होने वाली परीक्षाएं सकुशल, शांतिपूर्ण और सुचिता के साथ कराने के लिए शनिवार को अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक की। उन्होंने व्यवस्थाएं पूरी करने के साथ ही अन्य तैयारी करने को कहा।

अर्बन हाट स्थित सभागार में अपर जिलाधिकारी सौरभ दुबे ने बताया कि 18 फरवरी से 12 मार्च तक यूपी बोर्ड की परीक्षाएं हैं। इसमें जिले में 92135 परीक्षार्थी देंगे। इसके लिए 130 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 129 परीक्षा केंद्र विद्यालयों में और एक परीक्षा केंद्र केन्द्रीय कारागार में बनाया गया है।
सात जोन व 17 सेक्‍टर में बांटा ज‍िला

व्यवस्थाओं के लिए जिले को सात जोनल व 17 सेक्टर में बांटा गया है, जिसमें 129 स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। परीक्षा ड्यूटी में जोनल पुलिस अधिकारी एवं पुलिस स्टेटिक अधिकारी भी लगे हैं। एडीएम सिटी ने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर जो अधिकारी लगाए गए हैं वह आपस में मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से शेयर कर लें।

सक्षम अधिकारी कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाकर उसकी प्रति जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में भी दें। बताया गया कि मेडिकल के आधार पर बिना सीएमओ की लिखित संस्तुति के किसी को छूट नहीं मिलेगी। किसी प्रकार का कोई संशय हो तो अभी से बता दें। उन्होंने बताया कि जिले के नौ संवेदनशील और चार अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर पुलिस अधिकारी निरंतर चेकिंग करेंगे।
नकल व‍िहीन परीक्षा कराना सर्वोच्‍च प्राथम‍िकता

इसके अतिरिक्त परीक्षा केंद्र पर तैनात पुलिस बल, केंद्र व्यवस्थापक, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति प्रति पाली बंडल वाहक के माध्यम से निर्धारित प्रारूप पर अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएगी। पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक कहा कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता नकल विहीन परीक्षा कराना है फलस्वरूप बोर्ड परीक्षाओं में बहुत संवेदनशीलता बरती जा रही है।

उन्होंने बताया कि परीक्षा में शामिल अधिकारी/कर्मचारी अथवा परीक्षा के संचालन के लिए लगाए गए प्रबंधन/कर्मचारी द्वारा परीक्षार्थी को अनुचित सहायता देने या देने का प्रयास करने पर 10 साल तक के कारावास एवं 10 लाख तक का जुर्माना का प्राविधान है। उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अनुचित साधनों का निवारण अधिनियम 24 के अंतर्गत परीक्षा में बाधा उत्पन्न करने अथवा प्रभावित करने के लिए अधिकतम आजीवन कारावास एवं एक करोड़ जुर्माना राशि भी लगाई जा सकती है।
परीक्षाएं समाप्‍त होने तक तैनात रहेंगे सशस्‍त्र पुल‍िस बल

उन्होंने बताया कि दो सशस्त्र पुलिस बल की ड्यूटी प्रत्येक परीक्षा केंद्र के स्ट्रांग रूम पर लगाई गई है, जो परीक्षाएं समाप्त होने तक वहीं रहेंगे। परीक्षा वाले दिनों में महिला कांस्टेबल की ड्यूटी भी लगाई जाएगी। छात्राओं की चेकिंग महिला कर्मी ही करेंगी। परीक्षा केंद्र के एक किमी क्षेत्र में फोटो स्टेट की दुकानें बंद रहेंगी।

बैठक में उप जिलाधिकारी फरीदपुर मल्लिका नैन, उपजिलाधिकारी आंवला विदुषी सिंह, उपजिलाधिकारी मीरगंज आलोक कुमार, उपजिलाधिकारी राम जनम यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत कुमार, सह जिला विद्यालय निरीक्षक डा. गिरीश, प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कालेज ओपी राय, प्रधानाचार्य लोकेश चंद्र सहित समस्त संबंधित लोग उपस्थित रहे।
कंट्रोल रूम में दर्ज करा सकेंगे शिकायतें

बोर्ड परीक्षा से संबंधित शिकायतें सुनने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षण कार्यालय में स्थापित किए गए कंट्रोल रूम का नंबर 0581-2427433 है।

  

यह भी पढ़ें- बरेली-मथुरा मार्ग पर बड़ा अपडेट: 6-लेन के प्रस्ताव पर सरकार ने फेरा पानी, जानें क्या है नया प्लान
like (0)
LHC0088Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
LHC0088

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
160061