LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 630
लग्जरी घर में अनिल अंबानी और जेफ्री एपस्टीन ने की थी मुलाकात
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका के न्याय विभाग (DoJ) द्वारा हाल में जारी की गई एपस्टीन फाइल्स ने वैश्विक स्तर पर हलचल मचा दी है। इन दस्तावेज़ों में रिलायंस समूह के चेयरमैन अनिल अंबानी का नाम भी सामने आया है। दस्तावेजों के अनुसार, 2017 से 2019 के बीच एपस्टीन और अनिल अंबानी के बीच ईमेल और iMessage के जरिए कई बात हुए, जिनमें कॉर्पोरेट फाइनेंसिंग, रक्षा क्षेत्र से जुड़े विषय और विभिन्न बैठकों की चर्चा दिखाई देती है।
फंडिंग और कारोबारी मदद पर बात
जारी रिकॉर्ड्स में 20 अप्रैल 2019 की एक बातचीत का उल्लेख है, जिसमें अनिल अंबानी ने कथित तौर पर एपस्टीन से कॉर्पोरेट स्तर पर फाइनेंसिंग की व्यवस्था में मदद को लेकर पूछा था।
इन संदेशों से संकेत मिलता है कि उस समय अंबानी निजी और कॉर्पोरेट फंड जुटाने के विकल्पों पर सलाह और संपर्क तलाश रहे थे। दस्तावेज यह भी दर्शाते हैं कि दोनों के बीच रक्षा क्षेत्र में संभावित व्यावसायिक अवसरों पर बातचीत हुई।
मुलाकातें और सामाजिक संपर्क
फाइल्स में दर्ज संदेशों के अनुसार, दोनों के बीच डिनर और निजी बैठकों की योजनाओं पर भी चर्चा हुई। कुछ संवादों में एपस्टीन ने अपनी विवादित छवि और उससे जुड़ी सार्वजनिक धारणा का उल्लेख किया, साथ ही यह दावा किया कि उनके संपर्कों के दायरे में वित्त और सत्ता से जुड़े कई प्रभावशाली लोग शामिल थे। इन बिंदुओं को दस्तावेज़ों में एपस्टीन की स्वयं की दावों के रूप में दर्ज किया गया है।
दस्तावेजों के विश्लेषण से पता चलता है कि यह संवाद फरवरी 2017 से मई 2019 के बीच हुआ यानी एपस्टीन पर 2019 में संघीय आरोप लगने से कुछ समय पहले तक दोनों संपर्क में थे।
उल्लेखनीय है कि एपस्टीन 2008 में फ्लोरिडा में दोषसिद्ध हो चुका था और 2019 में न्यूयॉर्क की हिरासत में रहते हुए उसकी मौत हो गई थी, जिसे आधिकारिक रूप से आत्महत्या बताया गया।
यह भी पढ़ें- एपस्टीन फाइल्स: अमेरिका, ब्रिटेन, नॉर्वे से लेकर फ्रांस तक... दुनिया भर में कई इस्तीफे; 80 देशों में जांच जारी |
|