ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त कार।
संसू, जागरण. सादाबाद (हाथरस)। मथुरा रोड पर शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां एक ट्रैक्टर-ट्राॅली और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इसमें गांव झरोठा के लगभग 20 श्रद्धालु बाल-बाल बच गए।
यह हादसा मन्स्या गांव के निकट हुआ। ट्रैक्टर-ट्राॅली में सवार श्रद्धालु कांवड़ भरने जा रहे थे। श्रद्धालुओं ने बताया कि वे गांव झरोठा से कांवड़ लेने जा रहे थे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने ट्रैक्टर-ट्राॅली में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रैक्टर-ट्राॅली पलटने से बच गई। घटना की सूचना मिलते ही 20 मिनट के भीतर पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया।
हादसे में किसी भी श्रद्धालु को गंभीर चोट नहीं आई। सीओ अमित पाठक ने बताया कि कोतवाली में इस संबंध में कोई शिकायत नहीं आई है। तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। |
|