search

कानपुर लैंबोर्गिनी के बाद बांदा में थार का कहर, झांसी-मीरजापुर हाईवे पर रील बनाने के चक्कर में दिव्यांग को कुचला

cy520520 2 hour(s) ago views 208
  

अनियंत्रित कार चश्मे की दुकान में घुसने से क्षतिग्रस्त सामान। जागरण  



संवाद सहयोगी, अतर्रा (बांदा)। कानपुर लैंबोर्गिनी के बाद बांदा में थार का कहर देखने को मिला। रील बनाने के चक्कर में थार अनियंत्रित हो गई और दिव्यांग को कुचल दिया। इसके बाद दुकान और बैंक में जा घुसी। इससे अफरातफरी मच गई।  

झांसी-मीरजापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर अतर्रा थाने के सामने इंस्ट्राग्राम में रील बनाने के दौरान अनियंत्रित थार जीप दिव्यांग मजदूर को कुचलकर संयुक्त बैंक बीसी आफिस को क्षतिग्रस्त करते हुए चश्मे की बंद दुकान में घुस गई। हादसे में जहां मजदूर की मौत हो गई वहीं वाहन में सवार किशोरी भी घायल हो गई। जबकि थार चालक व उसमें बैठा एक अन्य युवक मौके से भाग निकले।

पुलिस ने घायल किशोरी व मजदूर को सीएचसी पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने मजदूर के दम तोड़ने की पुष्टि की। किशोरी को भर्ती कर प्राथमिक उपचार किया गया। दिवंगत हुए मजदूर के स्वजन ने आरोपित को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर अस्पताल परिसर में दो घंटे तक जमकर हंगामा किया। पुलिस के समझाने व तत्काल मुकदमा दर्ज करने के बाद स्वजन का आक्रोश शांत हुआ। पुलिस आरोपित युवकों की तलाश कर रही है।

कस्बा के मुहल्ला शास्त्री नगर निवासी अमन साहू इंटरनेट मीडिया पर अक्सर रील बनाने का शौकीन है। शुक्रवार रात साढ़े दस बजे हाइवे पर तहसील की तरफ से शहर रोड की तरफ युवक अमन साहू अपने एक दोस्त व 17 वर्षीय किशोरी के साथ चार पहिया थार में रील बनाते हुए जा रहा था। तभी अचानक थाना के सामने थार अनियंत्रित होकर दौड़ने लगी और कस्बा के मुहल्ला शिवपुरी निवासी 45 वर्षीय महेश को कुचलते हुए पहले बैंक बीसी कार्यालय को क्षतिग्रस्त किया। फिर बगल में स्थित चश्मे की बंद दुकान में घुस गई। वाहन में बैठी किशोरी भी घायल हो गई।

थार चालक अमन साहू समेत उसमें बैठा दोस्त मौके से रफूचक्कर हो गए। घटना के बाद मौके पर मुहल्ले व राहगीरों का हुजूम लग गया। पुलिस ने थार में बैठी किशोरी व घायल मूक बधिर महेश को सीएचसी अतर्रा पहुंचाया। जहां डाक्टर ने महेश को मृत घोषित किया। जबकि वाहन में सवार आजाद नगर निवासी 17 वर्षीय पूजा को भर्ती कर इलाज किया।

घटना की जानकारी मिलते ही महेश के स्वजन सीएचसी पहुंच गए। और आरोपित चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। करीब दो घंटे बाद पुलिस के समझाने व मुकदमा दर्ज करने के आश्वासन के बाद स्वजन शांत हुए। दिवंगत हुए महेश के पिता रामचंद्र ने बताया कि वह चार भाइयों में सबसे छोटा अविवाहित था।

शुक्रवार की रात खाना खाने को कहा। जिसमें वह थोड़ी देर घूमकर आने का इशारा कर घर से निकल आया था। वह थाना परिसर के सामने बस स्टैंड के पास ही खड़ा था। तभी रीलबाज युवक की लापरवाही के कारण घटना घटित हो गई। हादसे को लेकर घटनास्थल में भीड़ लगी रही। इससे वाहनों का आवागमन कुछ देर के लिए प्रभावित होने लगा। हालांकि पुलिस ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी संजीव चौबे का कहना है कि पिता की तहरीर पर थार जीप के चेचिस नंबर से अमन साहू के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
चलते वाहन में बाहर लटकते हुए रील बनाने में गई जान

हादसे के बाद कस्बे वासियों ने बताया कि थार में सवार युवक रील बनाने के लिए वाहन का शीशा खोलकर बाहर की ओर लटक रहा था। जिसके चलते करीब 70 से 80 की रफ्तार में थार अनियंत्रित हो गई। जिसे वाहन चला रहा अमन संभाल नहीं पाया और इतना बड़ा हादसा हो गया।
हादसे में बैंक व दुकान का सात लाख का हुआ नुकसान

अनियंत्रित थार जीप पहले संयुक्त बैंक बीसी प्वाइंट का शटर,गेट व दीवाल तोड़ चश्मा की बंद दुकान में घुसने से दोनों जगह बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ। बैंक बीसी प्वाइंट के संचालक विजय सिंह ने घटना में करीब एक लाख रुपये नुकसान होने की बात कही है। जबकि चश्मा दुकान के संचालक दिलीप मिश्रा ने करीब छह लाख रुपये नुकसान होना बताया। दिलीप मिश्रा ने बताया कि एक वर्ष पहले बैंक आफ बड़ौदा से दो लाख रुपये लोन लेकर चश्मा की दुकान खोली थी। अब पता नहीं कैसे नुकसान की भरपाई होगी। चश्मा दुकान के संचालक दिलीप मिश्रा ने यह भी बताया कि घटना से करीब आधा घंटे पहले दुकान बंद कर घर गया था। यदि दुकान बंद करने में थोड़ी देर हो जाती। तो हादसे में उसकी जान भी जा सकती थी।
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1510K

Credits

Forum Veteran

Credits
157514