search

बाबा हरिहरनाथ मंदिर में हल्दी अनुष्ठान सम्पन्न, महाशिवरात्रि पर भव्य शिव बारात

deltin33 2 hour(s) ago views 526
  

बाबा हरिहरनाथ मंदिर में हल्दी अनुष्ठान सम्पन्न



संवादसूत्र, नयागांव (सारण)। महाशिवरात्रि महापर्व के अवसर पर सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर में शनिवार को परंपरागत विधि-विधान के साथ हल्दी अनुष्ठान और महाशृंगार आरती का भव्य आयोजन किया गया।

सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी थी। हरिहरक्षेत्र “हर-हर महादेव” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। दूर-दराज से आए श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए कतारबद्ध दिखे। पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
परंपरागत विधि से हुआ हल्दी अनुष्ठान

दोपहर लगभग तीन बजे भगवान हरिहर के विवाहोत्सव की परंपरा के तहत हल्दी पूजा आरंभ हुई। पुजारी नंद बाबा ने मंदिर न्यास समिति के सदस्यों की उपस्थिति में विधिवत श्रृंगार कराया।

बाबा को हल्दी अर्पित कर विशेष अनुष्ठान संपन्न किया गया। डमरू की ध्वनि, शंखनाद और वैदिक मंत्रोच्चार से वातावरण और भी पावन हो गया। श्रद्धालु इस अनुष्ठान के साक्षी बनकर स्वयं को धन्य मानते दिखे। आयोजन में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही।
महाशृंगार आरती में उमड़ी भीड़

हल्दी पूजा के बाद महाशृंगार आरती संपन्न हुई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने दीप जलाकर सामूहिक आरती की। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और पुष्प सज्जा से आकर्षक रूप दिया गया है। पूरा धाम अलौकिक आभा बिखेरता नजर आया।

श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद और महाभंडारे की विशेष व्यवस्था की गई। देर शाम तक भक्त प्रसाद ग्रहण करते रहे। भक्ति संगीत और भजन-कीर्तन से माहौल और भी आध्यात्मिक बना रहा।
आध्यात्मिक महत्व पर दिया गया संदेश

मंदिर के मुख्य अर्चक आचार्य सुशील चंद्र शास्त्री ने महाशिवरात्रि के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह पर्व आत्मसंयम, साधना और शिवत्व के चिंतन का अवसर है। भगवान शिव सृष्टि के संतुलन, करुणा और त्याग के प्रतीक हैं।

शिव विवाह उत्सव समाज को समर्पण और समरसता का संदेश देता है। इस पावन रात्रि में जप, तप और अभिषेक का विशेष महत्व बताया गया।
आज निकलेगी भव्य शिव बारात

रविवार को ब्रह्ममुहूर्त तीन से चार बजे के बीच मंगला आरती के साथ मंदिर के कपाट खोल दिए जाएंगे। दिनभर जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और महाभिषेक का क्रम जारी रहेगा। प्रशासन और मंदिर समिति ने सुरक्षा, बैरिकेडिंग और पेयजल की समुचित व्यवस्था की है।

महापर्व का मुख्य आकर्षण संध्या में निकलने वाली भव्य शिव बारात होगी। शिवगणों की वेशभूषा में सजे श्रद्धालु और आकर्षक झांकियां नगर भ्रमण करेंगी। पूरा सोनपुर इन दिनों शिवभक्ति में सराबोर नजर आ रहा है।

यह भी पढ़ें- महाशिवरात्रि रविवार को: जानें कब, कहां और कैसे करें पूजा ताकि मिले भोलेनाथ का विशेष फल
like (0)
deltin33administrator

Post a reply

loginto write comments
deltin33

He hasn't introduced himself yet.

1510K

Threads

0

Posts

4710K

Credits

administrator

Credits
470926