भारत बनाम पाकिस्तान
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सभी की नजरें अप भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर टिकी हुई हैं। ये मैच इस वजह से भी दिलचस्प बन गया है क्योंकि पहले पाकिस्तान ने खेलने से इनकार कर दिया था। हालांकि, बाद में पाकिस्तानी सरकार ने भारत के खिलाफ मैच खेलने की इजाजत दी। इस विश्व कप में अब तक भारत और पाकिस्तान ने अपने दोनों मुकाबले जीते हैं, जिससे कड़ी टक्कर होने की उम्मीद है।
भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले इस महामुकाबले के लिए कुछ खिलाड़ियों पर नजरें रहने वाली हैं, जो अकेले दम पर मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। इसमें सबसे पहला नाम सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का है। हालांकि, अभिषेक के पाकिस्तान के खिलाफ खेलने पर संदेह बना हुआ है लेकिन अगर वे खेलते हैं, तो सभी की निगाहें शर्मा पर रहने वाली हैं।
1. अभिषेक शर्मा
भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पाकिस्तान के लिए बड़ा सिरदर्द साबित हो सकते हैं। अभिषेक अगर फिट होकर पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला खेलते हैं, तो ये पाक टीम के लिए बुरी खबर होगी। शर्मा ने एशिया कप में पाकिस्तानी गेंदबाजों को खूब परेशान किया था और उन्होंने शाहीन अफरीदी को पहली गेंद पर छक्का लगाया था। अभिषेक की आक्रामक बल्लेबाजी से पाकिस्तानी गेंदबाज दबाव में आ जाते हैं और इसी वजह से बाएं हाथ के बल्लेबाज पर सभी निगाहें रहने वाली हैं।
2. हार्दिक पांड्या
टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक हमेशा ही पाकिस्तान के लिए बड़ी मुसीबत बनकर आते हैं। पांड्या का पाकिस्तान के खिलाफ बल्ले से ही नहीं गेंद के साथ भी रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। हार्दिक ने पाकिस्तान के खिलाफ 8 टी20 मैचों में 15 विकेट अपने नाम किए हैं, जबकि बल्ले से 97 रन बनाए हैं। ऐसे में हार्दिक पर पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में सभी की नजरें रहने वाली हैं।
3. वरुण चक्रवर्ती
भारत के स्पिनर वरुण चक्रवर्ती अपनी स्पिन के जाल से बल्लेबाजों को फंसाने में माहिर है। वे इस समय टी20 के दुनिया के नंबर-1 गेंदबाज हैं और उनकी विविधता के कारण बल्लेबाजों को पढ़ने में आसानी नहीं होती। कोलंबो की पिच आमतौर पर स्पिनर्स को मदद करती है और ऐसे में वरुण और भी घातक हो सकते हैं। पाकिस्तान के खिलाफ होने इस मुकाबले में वरुण पर भी सभी की नजरें टिकी होंगी।
यह भी पढ़ें- T20 World Cup के इतिहास में ये हैं भारत-पाकिस्तान के सबसे यादगार मुकाबले, रोमांच की सारी हदें हो गई थी पार
यह भी पढ़ें- आखिर रांची में ही क्यों रहते हैं MS Dhoni? इंटरव्यू में बताई दिल की बात |