जागरण संवाददाता, मेरठ। मवाना नगर के समीप मेरठ हाईवे पर रिलायंस पैट्रोल पंप के समीप शुक्रवार शाम को गढ़ डिपो की तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर से अपाचे बाइक सवार दो युवकाें की मौके पर ही मौत हो गई। वह दोनों आपस में चचेरे भाई थे।
भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि टक्कर लगते ही बाइक के परखच्चे उड़ गए और हेलमेट भी टूट गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया। वहीं, चालक विहीन आरोपित बस व क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर पुलिस चौकी पर खड़ा कर दिया।
मवाना के मूल निवासी गुलफाम और एहसान वर्तमान में मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र की आशियाना कॉलोनी में मकान बनाकर परिवार के साथ रह रहे हैं। शुक्रवार को 20 वर्षीय आहद अंसारी पुत्र एहसान अपनी अपाचे बाइक पर ताऊ गुलफाम के 18 वर्षीय बेटे उमर अंसारी को साथ लेकर मवाना नगर आए थे।
करीब चार बजे यहां वापस लौटते हुए जैसे की वह मेरठ रोड पर रिलायंस पेट्रोलपंप के समीप पहुंचे तो मेरठ की ओर से आ रही गढ़ डिपो की रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हालांकि बस व बाइक दोनों ही तेजरफ्तार में थे। टक्कर लगते ही दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, बस बाइक को करीब 20 मीटर घसीटते हुए ले गई। सूचना पर इंस्पेक्टर क्राइम जितेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और दोनों के शव सड़क से हटाए और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया। इस बीच आरोपित चालक व परिचालक मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने चालक विहीन बस और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर पुलिस चौकी पर खड़ा कर दिया। आहद बाइक चला रहा था और हेलमेट भी पहने हुए था लेकिन बस से टकराने के बाद वह टूट गया। सूचना पर स्वजन भी पहुंच गए। उक्त मामले में अज्ञात चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
आहद ने तीन माह पूर्व ही बाइक खरीदी थी, दो भाइयों में था बड़ा
आहद के पिता कारपेंटर हैं और करीब पंद्रह साल पूर्व मवाना से मेरठ जाकर बस गए। आहद दो भाइयों में बड़ा था और वह टेक्सटाइल एक्सपोर्ट कारखाने में सिलाई का काम करता था। छोटे भाई जैद ने बताया कि करीब तीन माह पूर्व ही बाइक खरीदी थी। वह किसी कार्य से मवाना आए थे। जैसे ही घर पता चला तो स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल था।
उमर के पिता 18 वर्ष पूर्व मवाना छोड़ मेरठ आ बसे
उमर के पिता गुलफाम पावर लूम में काम करते थे। करीब 18 वर्ष पूर्व मवाना के मुहल्ला कल्याण सिंह छोड़कर मेरठ की आशियाना कॉलाेनी में आ बसे थे। उमर तीन भाई व एक बहन है। वह भी सिटी हॉस्पिटल के पास सिलाई का काम करता था। जैसे ही मौत की सूचना घर पहुंची तो सभी का रो-रोकर बुरा हाल था।
रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार आहद व उमर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिये। हालंकि उनके स्वजन मवाना में रहते हैं वह भी मौके पर पहुंच गए थे। उक्त मामले में अज्ञात चालक के खिलाफ तहरीर मिली है रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
पंकज लवानिया, सीओ मवाना।
यह भी पढ़ें- पति ने नहीं दिलाया नया मोबाइल तो पत्नी ने चुना मौत का रास्ता, 2 साल के मासूम के सिर से उठा मां का साया |
|