जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर नगरोटा में चौकसी बरतते सुरक्षाकर्मी
राज्य ब्यूरो, जागरण श्रीनगर। पुलवामा आतंकी हमले की बरसी के मद्देनजर पूरे जम्मू-कश्मीर में विशेषकर घाटी और उच्चपर्वतीय इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। श्रीनगर के भीतरी इलाकों समेत पूरी वादी में सुरक्षाबलों द्वारा औचक तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं।
सभी अल्पसंख्यक बस्तियों और प्रवासी श्रमिकों की आबादी वाले इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षाबलों को तैनात किया है। इस बीच, महानिदेशक सीआरपीएफ शनिवार को पुलवामा हमले में बलिदानी जवानों को लेथपोरा पुलवामा में हुए समारोह में श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
बता दें कि 14 फरवरी 2019 को जैश-ए-मोहम्मद के स्थानीय आत्मघाती ने श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर लेथपोरा पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर विस्फोटकों से लैस एक कार केसाथ हमला किया था। हमले में 40 सीआरपीएफ कर्मी बलिदानी हुए थे। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान में जैश व अन्य आतंक संगठनों के ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की थी जिसे बालाकोट स्ट्राइक भी कहते हैं।
सूत्रों ने पुलवामा हमले की बरसी के मद्देनजर आतंकी इस समय पूरी तरह हताश हैं। वे अपनी उपस्थिति का अहसास कराने के लिए 14 फरवरी को कोई वारदात कर सकते हैं। सीमा पार बैठे आतंकी हैंडलर व आतंकी संगठनों के आका पूरी कोशिश करेंगे कि कश्मीर में कोई ऐसी वारदात की जाए जिससे उन्हें उनके एजेंडे में लाभ हो और उनके कैडर का हौसला बढ़े। इसके लिए वह किसी भी चूक का लाभ उठाने की कोशिश करेंगे।
आतंकी हमले की दृष्टि से संवेदनशील इलाकों को चिह्नित करते हुए वहां विशेष तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं। महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, प्रतिरक्षा प्रतिष्ठानों और धर्मस्थलों की सुरक्षा बढ़ाई है। जम्मू-राजौरी-पुंछ, जम्मू-श्रीनगर, बटोत-रामबन-डोडा- किश्तवाड़ -अठोली मार्ग पर भी चौकसी बढ़ा दी है। पहाड़ी इलाकों में प्रमुख सड़कों पर निगरानी रखी जा रही है। राजौरी-पुंछ और रामबन-डोड-किश्तवाड़ और ऊधमपुर व कठुआ के ऊपरी इलाकों में वीडीजी को भी पूरी तरह सक्रिय किया है।
उन्हें अपने-अपने गांव के आसपास किसी भी संदिग्ध तत्व को देखते ही तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है। सभी अल्पसंख्यक बस्तियों और वादी में जिन मोहल्लों में प्रवासी श्रमिकों की आबादी है, अतिरिक्त सुरक्षाबल को तैनात किया है।
श्रीनगर और पुलवामा में सुरक्षाबलों ने शुक्रवार को विभिन्न इलाकों मे तलाशी ली। श्रीनगर के लालचौक में पुलिस और सीआरपीएफ के संयुक्त कार्यदल ने तलाशी अभियान चलाया। सभी होटलों और गेस्टहाउस की जांच की। लालचौक से गुजर रहे कई यात्रियों और वाहनों में सवार लोगों की जांच पड़ताल की गई।
किश्तवाड़, उधमपुर और कठुआ के अलावा राजौरी पुंछ में सुरक्षाबलों ने आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर कई इलाकों में तलाशी अभियान चला रखा है। इस बीच, सीआरपीएफ से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह साढ़े नौ बजे लेथपोरा में महानिदेशक सीआरपीएफ कश्मीर को आतंकमुक्त बनाने के संकल्प को दोहराते हुए पुलवामा हमले के बलिदानियों को श्रद्धांजली अर्पित करेंगे। वह वहां जवानों और अधिकारियों के सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे।
ड्रोन के जरिए भी रखी जा रही निगरानी
केंद्रीय और स्थानीय खुफिया एजेंसियां पूरी तरह से सतर्क हैं। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए भी निगरानी रखी जा रही है। एजेंसियां इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी निगरानी रख रही हैं, ताकि अफवाहों या भड़काऊ संदेशों को फैलने से रोका जा सके।
प्रशासन ने आम लोगों से सतर्क और सहयोगी बने रहने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या नजदीकी सुरक्षा बल को देने के लिए कहा गया है। लोगों से अनावश्यक भीड़-भाड़ से बचने और पहचान पत्र साथ रखने की सलाह दी गई है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि आम जनता का सहयोग शांति बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है। |
|