धनबाद पुलिस ने प्रिंस खान के सहयोगी को रांची से किया गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, धनबाद। प्रिंस खान गिरोह के लिए काम करनेवाला कुख्यात अपराधी किशन खान उर्फ तसलीम खान को धनबाद पुलिस ने रांची से गिरफ्तार किया है। वह बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के कुर्मीडीह, विलेज रोड का निवासी है और लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि किशन खान रांची में छिपकर रह रहा है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रांची में दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर धनबाद लाया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपित ने स्वीकार किया कि वह प्रिंस खान के आपराधिक नेटवर्क का सक्रिय सदस्य रहा है। वह व्यवसायियों के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराकर रंगदारी की मांग कराने में सहयोग करता था। इसके अलावा गिरोह के सदस्यों को ठिकाना देना, आर्थिक सहायता पहुंचाना तथा रंगदारी से अर्जित अवैध राशि को जमीन और अन्य कारोबार में निवेश कराने की जिम्मेदारी भी निभाता था।
पुलिस ने उसके पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया है। उसकी निशानदेही पर गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। सिटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव ने बताया किशन खान पर बरवाअड्डा थाना में तीन अलग-अलग प्राथमिकी पूर्व से दर्ज है।
किशन खान को पकड़ने के लिए डीएसपी शंकर कामती के मानिटरिंग में टीम गठित हुई थी जिसमें बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार, तेतुलमारी थाना प्रभारी विवेक चौधरी, भूली ओपी प्रभारी अभिनव कुमार तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। |