उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में जल्द राजधानी के अस्पतालों की तरह उच्चस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी। बेड की संख्या बढ़ाई जाएगी। जांच व इलाज के लिए और बेहतर सुविधा दिलाई जाएगी। बजट में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने का प्रयास किया गया है। 2017 से 2026 तक की बात करें तो अब उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदल चुकी है। यह दावा उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया।
शुक्रवार को प्रयागराज में उन्होंने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कांग्रेस पर निराशा साधा। कहा, यह दल और इसके नेता दिग्भ्रमित हैं। उन्हें नहीं पता किसका विरोध करना ठीक है किसका गलत। वे जीराम जी का विरोध इस लिए कर रहे हैं कि उनके भ्रष्टाचार उजागर होंगे।
श्रमिकों के हित में जी राम जी योजना
फिलहाल जीराम जी योजना श्रमिकों के हित में है। प्रधानमंत्री मोदी को मजदूरों की चिंता है। अब यदि काम मांगने पर काम नहीं दिया गया तो जुर्माना लगेगा। तुरंत भुगतान न होने पर श्रमिकों को ब्याज भी दिया जाएगा। यह सब बड़ा बदलाव लाने वाला कदम है।
वंदेमातरम गायन को उप मुख्यमंत्री ने कहा, प्रत्येक भारतवासी इसे गाना चाहता है, क्योंकि यह वही गीत है जिसे गाकर आजादी के दीवाने फांसी के फंदे पर झूल गए। इस पर सिर्फ उन्हें आपत्ति है जो तुष्टीकरण की राजनीति करते हैं।
यह भी पढ़ें- UP में 1.40 करोड़ लोगों को दी जाएगी फाइलेरिया से बचाव की दवा- डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक
पूर्व कांग्रेस नेता नसीमुद्दीन के सपा में आने संबंधी प्रश्न पर बोले, इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ने वाला है। 2027 में फिर भाजपा प्रचंड बहुमत से जीतेगी। रही बात सपा व अन्य विपक्षी दलों की तो वह जनता को अब तक ठगते आए हैं, उनकी दाल अब नहीं गलेगी। सपा के शासन में गुंडे हावी थे। चारों तरफ माफिया राज था अब ऐसा नहीं है। |
|