श्रीमाता मनसा देवी मंदिर में चैत्र नवरात्र मेले की तैयारियों को लेकर निर्देश देते उपायुक्त एवं माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड के मुख्य प्रशासक सतपाल शर्मा।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। 19 मार्च से 27 मार्च तक आयोजित होने वाले चैत्र नवरात्र मेले के दौरान लाखों श्रद्धालु श्रीमाता मनसा देवी के दर्शन करने पहुंचेंगे। उपायुक्त एवं माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड के मुख्य प्रशासक सतपाल शर्मा ने तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में डीसी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सभी आवश्यक प्रबंध समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने मंदिर परिसर में स्वच्छता को लेकर कड़े निर्देश देते हुए कहा कि मंदिर और आसपास के सभी पेड़ों पर आकर्षक पेंट किया जाए, ताकि दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर का सुंदर और भव्य स्वरूप दिखाई दे।
उन्होंने निर्देश दिए कि मंदिर व आसपास के क्षेत्र में सफाई व्यवस्था के लिए चार्ट बनाकर सफाई कर्मियों को अलग-अलग क्षेत्र आवंटित किए जाएं। महिला एवं पुरुष शौचालयों पर संबंधित सफाई कर्मी का नाम व मोबाइल नंबर प्रदर्शित किया जाए।
शिकायत मिलने पर संबंधित सुपरवाइजर के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी सफाई कर्मियों को ड्यूटी के दौरान वर्दी पहनना अनिवार्य किया गया है। जूताघर में भी अलग से कर्मचारी की तैनाती के निर्देश दिए गए।उपायुक्त ने मेले के दौरान कानून-व्यवस्था और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में नाके स्थापित किए जाएंगे तथा 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। श्रद्धालुओं के सुचारू दर्शन के लिए व्यवस्थित कतार व्यवस्था लागू की जाएगी ।
उपायुक्त ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण को आंतरिक एवं बाहरी सड़कों की आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने गैर-आवंटित बूथों से अतिक्रमण हटाकर उनकी सफेदी कराने और सड़कों की रेलिंग पर पेंट कराने के निर्देश भी दिए। पीएमडीए को मंदिर परिसर के समीप स्थित नाले की नियमित सफाई तथा लोक निर्माण विभाग को सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पर्याप्त संख्या में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती के निर्देश
मेले के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त संख्या में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए पूर्ण सुविधायुक्त एंबुलेंस की व्यवस्था की जाए। उन्होंने निर्देश दिए की आयुष विभाग व राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान पंचकूला द्वारा मंदिर परिसर में डिस्पेंसरी व औषधालय स्थापित किया जाए।
प्रत्येक मंदिर में कर्मचारियों सहित एक-एक फायर क्रैश टेंडर हो तैनात
उपायुक्त ने उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम को श्री माता मनसा देवी मंदिर परिसर, काली माता मंदिर कालका और श्री चंडी माता मंदिर में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए प्रत्येक मंदिर में कर्मचारियों सहित एक-एक फायर क्रैश टेंडर तैनात रहेगा। जनस्वास्थ्य अभियंत्रिकी विभाग को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने एवं जल भंडारण टैंकों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
प्लास्टिक कैरी बैग एवं प्लास्टिक वस्तुओं की बिक्री पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
उन्होंने कहा की मेले के दौरान स्वच्छ भंडारा, प्रसाद एवं खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा खाद्य पदार्थों की नियमित जांच और नमूना संग्रह किया जाएगा।वहीं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड पंचकूला मेले के दौरान प्लास्टिक कैरी बैग एवं प्लास्टिक वस्तुओं के निर्माण, बिक्री, भंडारण और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करेगा।
श्री सतपाल शर्मा ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चंडीगढ़/पंचकूला रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड पंचकूला, जीरकपुर, सिंहपुरा एवं आसपास के क्षेत्रों से माता मनसा देवी मंदिर, कालका मंदिर और चंडी माता मंदिर तक पर्याप्त बसों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने नगर निगम पंचकूला को सड़कों की मरम्मत, मंदिर परिसर और आस पास के क्षेत्र में फॉगिंग, कीटनाशक छिड़काव, सफाई, मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था एवं झाड़ियों की छंटाई के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए मंदिर परिसर में पर्याप्त संख्या में अस्थायी शेड्स की व्यवस्था भी की जाए। बैठक के दौरान माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड के गैर-सरकारी सदस्यों से भी मेले के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर सुझाव लिए गए। |
|