भिवानी में 50 साल पुराना जुई नहर पुल टूटा
संवाद सूत्र, ढिगावा मंडी (भिवानी)। भिवानी में ढिगावा जाटान से इंदिवाली-देवराला की ओर जाने वाले मार्ग पर करीब 50 साल पहले जुई नहर पर बना पुल अचानक टूट गया। यह हादसा गुरुवार को उस दौरान हुआ, जब एक स्कूल बस वहां से गुजर रही थी। नहर में बस गिरने से वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि उस समय बस में बच्चे नहीं थे।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन अधिक होने और पुल 50 साल से अधिक पुराना होने के कारण टूट गया।
जानकारी के अनुसार, ढिगावा जाटान से इंदिवाली-देवराला की ओर जाने वाले मार्ग पर सिंचाई विभाग की ओर से यह पुल बनाया गया था। स्थानीय लोगों की माने तो यह 50 साल से भी ज्यादा पुराना था। इस मार्ग से हर रोज काफी संख्या में वाहन गुजरते है। गुरुवार को स्कूल बस गुजरने लगी तो यह अचानक टूट गया, जिससे बस भी नीचे गिर गई।
हालांकि, बस चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा होते-होते बच गया। ग्रामीणों का कहना है कि वह प्रशासन से कई बार इस जर्जर पुल की मरम्मत के लिए शिकायत कर चुके थे। लेकिन प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाया। फिलहाल, सड़क मार्ग का निर्माण कार्य चल रहा है।
वहीं, पुल टूटने से कई गांव का संपर्क टूट गया है। ढिगावा जाटान और देवराला दोनों तरफ जाने वाले करीब दर्जन भर गांव का यह रास्ता बाधित हो गया है। ग्रामीणों को अब कई किलोमीटर लंबा सफर तय करना पड़ रहा है।
नहर विभाग के जेई दीपक शर्मा ने बताया कि यह पुल करीब 50 साल पुराना है। रोड का निर्माण होने के कारण भारी संख्या में डंपरों का आना-जाना रहता है। इससें पुल की हालत ज्यादा खराब हो गई और आज पुल गिर गया। हालांकि इस दौरान किसी कोई चोट नहीं आई। |
|