विधानपरिषद में प्रश्न का जवाब देते मंत्री श्रवण कुमार। वीडियो ग्रैब
राज्य ब्यूरो, पटना। Bihar News: राज्य में निजी नंबर प्लेट वाली गाड़ियों के व्यावसायिक इस्तेमाल और गाड़ियों पर बिहार सरकार लिखने, विभागीय पद का बोर्ड लगाने एवं हूटर-फ्लैश लाइट लगाने का मामला विधानपरिषद में उठा।
सौरभ कुमार के तारांकित प्रश्न पर परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि अगर निजी नंबर प्लेट वाली गाड़ियां व्यावसायिक वाहन के रूप में इस्तेमाल की जा रही हैं तो उनको चिह्नित कर जुर्माना लगाया जाएगा।
नोटिस देकर जुर्माना लगाएं पदाधिकारी
सभी जिलों को निर्देश दिया गया है कि ऐसे व्यावसायिक वाहन चलाने वालों की पहचान की जाए और उनको नोटिस देकर जुर्माना किया जाए।
अभी तक ऐसी 2600 से अधिक गाड़ियों पर जुर्माना भी लगाया गया है। इसके अलावा निजी वाहनों में बिहार सरकार या विभागीय नाम या पद का बोर्ड लगाना गलत है। निजी वाहनों पर हूटर-फ्लैश लाइट का प्रयोग भी नहीं किया जा सकता है।
वहीं उर्मिला ठाकुर के प्रश्न के जवाब में परिवहन मंत्री ने कहा कि कई रूटों पर बसों का परिचालन किया जाना है। इसके लिए परिवहन निगम के स्तर से ससरकारी बसों की खरीद की जानी है। अगर सरकारी बसों के आने में विलंब होगा तो पीपीपी मोड पर भी परिचालन कराया जाएगा।
दिव्यांगों के स्कूल बारहवीं में होंगे अपग्रेड : मदन
समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने गुरुवार को विधानपरिषद में बताया कि दिव्यांगों के आठवीं तक के स्कूलों को जल्द ही प्लस टू यानी बारहवीं में अपग्रेड किया जाएगा।
इसके अलावा सभी प्रमंडल स्तर पर ऐसे विद्यालयों के स्थापना की भी योजना है। वह शशि यादव के ध्यानाकर्षण का जवाब दे रहे थे। |
|