search

समस्तीपुर डबल मर्डर: बहनोई ने की साली और दुधमुंहे बच्चे की हत्या, पारिवारिक विवाद में घटना को दिया अंजाम

cy520520 3 hour(s) ago views 386
  

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। (जागरण)



संवाद सूत्र, दलसिंहसराय। विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास महिला व दुधमुंहे बच्चे का शव मिलने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है।

दोहरे हत्याकांड में मृतका के सगे बहनोई को गिरफ्तार किया गया है। दलसिंहसराय डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि पांच फरवरी को मऊ धनेशपुर उत्तर रेलवे ट्रैक (डाउन लाइन संख्या 203/27) के समीप एक महिला व छह माह के शिशु का शव बरामद हुआ था। पुलिस ने दोनों अज्ञात शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

बाद में पहचान मऊ धनेशपुर दक्षिण निवासी एक महिला एवं उनके 6 माह के पुत्र के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर डीएसपी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई।

तकनीकी अनुसंधान व वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मृतका के बहनोई चंदन कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। उसके पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
घटना की पृष्ठभूमि में सामने आया पारिवारिक विवाद

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद व आपसी तनाव से जुड़ा पाया गया है। आरोपित ने कथित रूप से महिला को बातचीत के बहाने विद्यापतिनगर बुलाया, जहां वारदात को अंजाम दिया गया।

घटना के पीछे संबंधों में खटास, विवाद एवं अन्य निजी कारणों की बात सामने आई है, जिसकी विस्तृत जांच जारी है। पुलिस इस मामले में अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
टीम की रही अहम भूमिका

कार्रवाई में विद्यापतिनगर थानाध्यक्ष सूरज कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अमृता कुमारी, शक्ति कुमार, सहायक अवर निरीक्षक राकेश कुमार तथा तकनीकी शाखा समस्तीपुर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जांच में सामने आई पारिवारिक विवाद की पृष्ठभूमि

पुलिस जांच में घटना की पृष्ठभूमि पारिवारिक व वैवाहिक विवाद से जुड़ी बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतका ने वर्ष 2022 में प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद वह अपने पति के साथ हरियाणा के सोनीपत में रहने लगी, जहां उसका पति एक फैक्ट्री में कार्यरत था।

जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि हरियाणा में रहने के क्रम में मृतका के किसी अन्य व्यक्ति से संबंधों को लेकर पारिवारिक तनाव उत्पन्न हो गया था। इसको लेकर परिवार में विवाद बढ़ता गया। बाद में पति के गांव लौट आने तथा वैवाहिक संबंधों में खटास आने की बात भी सामने आई है।
इंटरनेट मीडिया सुराग से खुली कड़ी

पुलिस के अनुसार शव बरामदगी के बाद मामला काफी उलझा हुआ था। इसी बीच इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित खबर पर एक व्यक्ति द्वारा की गई टिप्पणी पुलिस के संज्ञान में आई।

तकनीकी आधार पर उसकी पहचान कर पूछताछ की गई, जिससे जांच को दिशा मिली। इसके बाद मृतका के बहनोई चंदन कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1510K

Credits

Forum Veteran

Credits
156349