विदेश भेजने के नाम पर आठ लाख की ठगी।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर। विदेश भेजने के नाम पर करीब 16 लाख 96 हजार 25 रुपये लेने, जाली दस्तावेज देने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में सेक्टर-नौ थाना अंबाला शहर में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
दबाव बनाने पर आरोपितों ने आठ लाख रुपये वापस लौटा दिए। विक्रम निवासी अम्बा विहार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पुत्र हर्ष कुमार को विदेश भेजने का झांसा देकर प्रथम सैनी उर्फ मोंटी निवासी ईस्ट दुर्गा नगर, खेड़ा रोड और उसके पिता श्याम सिंह सैनी ने कुल 16,96,025 रुपये लिए।
शिकायत में बताया गया कि आरोपितों ने उन्हें कई दस्तावेज दिए, जो बाद में जांच में कथित तौर पर जाली पाए गए। जब शिकायतकर्ता को धोखाधड़ी का संदेह हुआ और 12 मई 2025 को रुपये वापस मांगने गए, तो उनके व उनकी पत्नी के साथ मारपीट की गई।
इस संबंध में एमएलआर भी तैयार होने का दावा किया गया है। आरोप है कि दबाव बनने पर आरोपितों ने नौ लाख रुपये लौटाए, जबकि लगभग आठ लाख रुपये अब भी बकाया हैं। शेष राशि मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, दी गई रकम का कुछ हिस्सा बैंक ऋण और कुछ उधार लेकर जुटाया गया था। |