मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन पर जारी किए निर्देश
राज्य ब्यूरो, रांची। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने राज्य के विभिन्न जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारियों को एसआईआर को लेकर दस्तावेज के सत्यापन में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण का कार्य चल रहा है। इस क्रम में अन्य राज्यों में झारखंड से संबंधित मतदाताओं के सत्यापन के लिए दस्तावेज भेजे जा रहें हैं।
उन्होंने कहा कि मतदाताओं के सत्यापन के लिए भेजे जा रहे दस्तावेज का त्वरित रूप से सत्यापन कराते हुए प्रतिवेदन संबंधित राज्य को समय भेजना सुनश्चित करें। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी गुरुवार को निर्वाचन सदन से सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी के साथ वर्चुअल मोड में बैठक कर रहे थे।
उन्होंने राज्य में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के पूर्व तैयारियों को समय पर पूरा करने के भी निर्देश दिए, जिससे गहन पुनरीक्षण के क्रम में आसानी हो सके। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की पैतृक मैपिंग के साथ-साथ अब्सेंट, शिफ्टेड, डिलीट एवं डुप्लीकेट मतदाता की भी सघन जांच करते हुए सूची तैयार कर लें।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में मतदाताओं का एक भी ब्लर फोटो से संबंधित मामले लंबित न रहे। मतदाताओं का मतदाता पहचान पत्र में साफ एवं रंगीन तस्वीर के लिए संबंधित बीएलओ अपने बीएलओ एप के माध्यम से तस्वीर खींच कर अपलोड करें।
बैठक से संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज ठाकुर सहित सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी जुड़े थे। |
|