deltin33 • 2026-1-26 08:26:29 • views 1168
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक व महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने नए मतदाताओं का किया अभिनंदन
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। भाजपा ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रविवार को प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में नव मतदाताओं का अभिनंदन कर उन्हें लोकतंत्र का सजग प्रहरी बताया। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह नेे नए मतदाताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि नई पीढ़ी विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने में बड़ी भूमिका अदा करेगी।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि मतदाता लोकतंत्र की आत्मा है। पहली बार मतदाता बनना किसी युवा के जीवन का विशेष पड़ाव है। कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने युवाओं को हर क्षेत्र में बढ़ने का अवसर दिया, जिसका परिणाम है कि आज भारत प्रत्येक क्षेत्र में अग्रणी बनता जा रहा है।
आज़ादी की लड़ाई में युवाओं की भूमिका सदैव निर्णायक रही है। स्वामी विवेकानंद, चन्द्रशेखर आज़ाद, सुभाष चन्द्र बोस और भगत सिंह जैसे महापुरूषों ने अपना सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र को समर्पित कर दिया। वह सभी हमारे प्रेरणापुंज है। कहा कि आपातकाल के दौरान कांग्रेस पार्टी ने सत्ता स्वार्थ में संविधान को दरकिनार कर लोकतंत्र पर आघात किया था। हमें सदैव लोकतंत्र की रक्षा तथा मजबूती के लिए तत्पर और तैयार रहना है।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि मतदाता बनना सिर्फ मतदान का अधिकार प्राप्त करना नहीं है बल्कि यह राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संकल्प भी है। युवा देश का वर्तमान और उज्ज्वल भविष्य भी है। कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज का भारत युवा शक्ति के बल पर आत्मनिर्भर और विकसित भारत बनने की ओर अग्रसर है।
लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात करते और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए जिम्मेदार मतदाता बनना है। प्रदेश महामंत्री संजय राय, भाजपा नेता नीरज सिंह, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में नवमतदाता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। |
|