search

अंतरिक्ष नायक शुभांशु शुक्ला को मिलेगा यूपी गौरव सम्मान, परिवार में खुशी की लहर

LHC0088 2026-1-23 11:56:31 views 1240
  



गौरी त्रिवेदी, लखनऊ। भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन एवं अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को उत्तर प्रदेश सरकार का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘यूपी गौरव सम्मान’ दिया जाएगा। यह सम्मान उन्हें 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर लखनऊ में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया जाएगा। अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले शुभांशु शुक्ला को यह सम्मान मिलने की खबर से उनके परिवार में खुशी और उत्साह का माहौल है।

इस संबंध में जब शुभांशु शुक्ला के पिता शंभू दयाल शुक्ला से बातचीत की गई तो उन्होंने भावुक होते हुए बताया कि बेटे को प्रदेश का यह सम्मान मिलना पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि शुभांशु की मेहनत, अनुशासन और देश के प्रति समर्पण का यह परिणाम है।  

पिताजी ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य इस खबर से बेहद खुश हैं और घर में उत्सव जैसा माहौल है। उन्होंने कहा कि बेटे ने जो सपना देखा था, उसे साकार करने के लिए वर्षों तक कठिन परिश्रम किया और आज उसी का फल मिल रहा है।

शुभांशु शुक्ला मूल रूप से लखनऊ के त्रिवेणीनगर से हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा यहीं से प्राप्त की। बचपन से ही उनमें अनुशासन और कुछ अलग करने की ललक थी। वर्ष 2006 में उन्होंने भारतीय वायुसेना में फाइटर पायलट के रूप में प्रवेश किया।

वायुसेना में रहते हुए उन्होंने अपनी उड़ान क्षमता और नेतृत्व कौशल से अलग पहचान बनाई। इसके बाद वर्ष 2019 में उन्हें भारत के महत्वाकांक्षी गगनयान मिशन के लिए अंतरिक्ष यात्री के रूप में चुना गया। इस उपलब्धि ने उन्हें देश के चुनिंदा अंतरिक्ष यात्रियों की सूची में शामिल कर दिया।

अंतरिक्ष यात्रा के लिए शुभांशु शुक्ला ने रूस के गागरिन कॉस्मोनॉट ट्रेनिंग सेंटर में कठिन प्रशिक्षण लिया। उनका यह सफर उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है। विज्ञान, रक्षा और अंतरिक्ष के क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए उनका जीवन संघर्ष और सफलता की मिसाल है।

पिताजी ने यह भी बताया कि शुभांशु की इस उपलब्धि पर पूरे मोहल्ले, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों से बधाइयों का तांता लगा हुआ है। फोन लगातार आ रहे हैं और हर कोई बेटे की सफलता पर गर्व जता रहा है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान सिर्फ शुभांशु का नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश का सम्मान है।

24 जनवरी को लखनऊ में होने वाले उत्तर प्रदेश दिवस समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में शुभांशु शुक्ला को यूपी गौरव सम्मान से नवाजा जाएगा। यह सम्मान प्रदेश की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और नई पीढ़ी को ऊंचे सपने देखने की प्रेरणा देगा।
like (0)
LHC0088Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments

Explore interesting content

LHC0088

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
167102