deltin33 • 2026-1-20 14:27:21 • views 798
जागरण संवाददाता, निरसा (धनबाद)। Dhanbad News: निरसा थाना क्षेत्र के पिठाकियारी नीचे धौड़ा स्थित दारा रविदास के घर के सामने बने मैदान से सोमवार की रात उचक्के पिठाकियारी निवासी करण रविदास का टाटा मैजिक (छोटा हाथी) संख्या JH 10 AJ 8150 चोरी कर ले गए। चोरों ने पास खड़े अन्य चार चारपहिया वाहनों को भी निशाना बनाने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। इस संबंध में करण रविदास ने निरसा थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है।
यह है मामला
करण रविदास ने बताया कि सोमवार की रात उन्होंने अपना टाटा मैजिक घर के सामने खड़ा किया और खाना खाकर सो गए। मंगलवार सुबह जब घर से बाहर निकले तो वाहन गायब था। आसपास काफी तलाश के बाद भी गाड़ी का कोई पता नहीं चला।
हो-हल्ला सुनकर आसपास के लोग जमा हुए। वाहन के बगल में गांव के ही चार अन्य लोगों के चारपहिया वाहन भी खड़े थे। चोरों ने उन वाहनों के गेट का लॉक खोलने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे।
इसी दौरान प्रेम रविदास के वाहन के दरवाजे की कुंडी उखाड़ दी गई, जबकि श्याम रविदास के वाहन के दरवाजे के लॉक पर गोंद लगा दिया गया। वहीं राहुल और कन्हाई रविदास के वाहनों को भी चुराने का प्रयास किया गया, परंतु चोर सफल नहीं हो सके।
भालजोरिया रोड से भागे चोर
करण रविदास ने अपने घर और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें चोरी गया वाहन घटनास्थल से भालजोरिया गांव की ओर जाते हुए दिखाई दे रहा है। इसके बाद निरसा-कालूबथान रोड पर पहुंचकर चोर वाहन को निरसा की ओर ले जाते नजर आए।
सीसीटीवी में दो संदिग्ध कैद
वाहन खड़े होने की जगह तक आने वाले दूसरे रास्ते के सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध लोग नजर आए हैं। दोनों ने अपने चेहरे मफलर से पूरी तरह ढक रखे थे, जिससे उनकी पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है। |
|