search

मेरठ और आसपास के जिलों की बड़ी खबरें, जो 17 जनवरी 2026 की शाम तक सुर्खियों में रहीं

LHC0088 2026-1-17 18:56:37 views 876
  



जागरण टीम, मेरठ। मेरठ और आसपास के जिलों में आज कई प्रमुख मामले चर्चा में हैं। यहां हम आपको ऐसी ही बड़ी खबरों को कम शब्दों में बताने जा रहे हैं।
किशोरी को कई घंटे कार में घुमाया, बदहवास हालत में रोहटा रोड पर फेंका

मेरठ : कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी को कार सवार दो युवकों ने शनिवार सुबह अगवा कर लिया। कार सवार किशोरी को कई घंटे कार में घुमाते रहे और फिर रोहटा रोड पर बदहवास हालत में फेंककर फरार हो गए। किशोरी किसी तरह अपने घर पहुंची और घटना की जानकारी स्वजन को दी। स्वजन ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस किशोरी की निशानदेही पर आरोपित युवकों की तलाश में जुटी है। किशोरी मेडिकल कालेज के अस्पताल में भर्ती है।
दिल्ली से खुर्जा लाकर की थी पत्नी के प्रेमी ने पति की हत्या

बुलंदशहर : सात जनवरी को खुर्जा के अगवाल कट के निकट पुरानी दिल्ली के थाना न्यू अशोक नगर के पुरानी कौड़ली निवासी नीरज का शव मिला था। पुलिस ने इस मामले में नीरज की पत्नी दिव्या देवी व उसके प्रेमी जनपद एटा के थाना जालेसर के ग्राम नूहखास निवासी पिंटू कुमार को गिरफ्तार किया। इंटरनेट मीडिया पर पत्नी की पिंटू से दोस्ती हो गई थी। इसके बाद पिंटू का पत्नी दिव्या से प्रेम प्रसंग हो गया। पति पत्नी के साथ मारपीट करता था और शराब पीने का आदी थी। पिंटू पति को रोडवेज बस से दिल्ली से खुर्जा लेकर आया और यहां पर उसकी गमछे से गला दबाकर व ईंट से प्रहार कर हत्या कर दी।
दो फैक्ट्रियों से एक टन पालीथिन बरामद, एक लाख 65 हजार जुर्माना वसूला

सहारनपुर : नगर निगम के प्रवर्तन दल व स्वास्थय विभाग ने नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर आज सड़क दूधली क्षेत्र में दो पॉलीथिन फैक्ट्रियों पर छापा मारकर करीब एक टन प्रतिबंधित पालीथिन बरामद किया और एक लाख 65 हजार जुर्माना वसूल किया। स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिली थी कि सड़क दूधली क्षेत्र में चल रही दो पालीथिन फैक्ट्रियों में प्रतिबंधित पालीथिन बनायी जा रही है। टीम ने सड़क दूधली क्षेत्र में उक्त दोनों फैक्ट्रियों पर छापामारी की। छापेमारी के दौरान फैक्ट्रियों में खुले स्थान पर व बोरों में रखी प्रतिबंधित पालीथिन पाई गई। जिसे जब्त कर ट्रक व ट्राली में भरकर नगर निगम लाया गया। यह दोनों फैक्ट्रियां देहरादून रोड से जा रहे एक राजवाहे के किनारे स्थित है।
स्प्रे कर गेहूं की फसल कर दी नष्ट, मुकदमा दर्ज

बागपत : छपरौली क्षेत्र के ग्राम सिनौली निवासी किसान सुधीर मान की दो बीघा गेहूं की फसल पर दो युवकों ने स्प्रे कर नष्ट कर दी। पीड़ित ने आरोपित दोनों युवकों के खिलाफ छपरौली थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस आरोपित युवको की धरपकड़ में लगी है।
पहले दिन ही चार जगह दिखी डाल्फिन

बिजनौर : शनिवार को भारतीय वन्य जीव सस्थान द्वारा गंगा में डाल्फिन की गणना का अभियान शुरू हुआ। तीन वोट में टीम गंगा में डाल्फिन की तलाश में निकली है। पहले दिन ही टीम को तीन-चार जगह डाल्फिन दिखी है। रविवार को टीम फिर से अभियान शुरू करेगी। बुलंदशहर तक गंगा में डाल्फिन की गणना होगी।
कोहरे का कहर: डिवाइडर में टकराई बाइक, सात बहनों के इकलौते भाई की मौत

मुजफ्फरनगर: शुक्रवार देर रात कोहरे ने जमकर कहर बरपाया। कोहरे के दृश्यता कम हो गई और पीनना बाईपास पर डिवाडर से कार टकरा गई। जिसमें सात बहनों के इकलौते भाई की मौत हो गई। वहीं, दिल्ली-दून हाईवे पर भी मंसूरपुर और नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में अलग-अलग चार हादसे हुए। भूसे से लदा ट्रैक्टर-ट्राला कार पर पलट गया। जिसमें हरियाणा निवासी दंपती घायल हो गए। जबकि एक के बाद एक कई वाहन आपस में टकराए। रात से सुबह तक कई घंटे हाईवे पर यातायात जाम रहा। सभी हादसों में एक मौत और चार से अधिक लोग घायल हो गए।
परिषदीय विद्यालयों में रसोई माता की नौकरी लगवाने के नाम पर 50 महिलाओं से ठगी

शामली : जिले में एक गिरोह खुद को सरकारी अधिकारी बताकर घूम रहा है, और परिषदीय विद्यालयों में रसोई माता की पक्की नौकरी, पांच हजार रुपये वेतन और बीमा का लालच देकर ठगी कर रहे हैं। कांधला क्षेत्र में करीब 50 महिलाओं से ठगी की गई, जिसमें 10 से अधिक रसोई माता शामिल हैं। इस संबंध में महिला शिक्षक संघ की ओर से बीएसए को घटना की जानकारी दी गई। बीएसए की ओर से एसपी को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया है। जानकारी मिली कि उक्त लोगों ने 150 से अधिक महिलाओं से ठगी कर प्रयास किया है। सभी महिलाओं से निजी जानकारी, आधार कार्ड और 300 रुपये भी लिए गए।
like (0)
LHC0088Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
LHC0088

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
166575