जागरण संवाददाता, कानपुर। गुजैनी एफ ब्लाक में चार महीने की गर्भवती पत्नी की हत्या में फरार चल रहे आरोपित पति संजय कुमार को पुलिस ने 17 दिन गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। गोविंदनगर पुलिस ने आरोपित को घाटमपुर चौराहे से गिरफ्तार किया। आरोपित ने तवे और बेलन से सिर व चेहरे पर ताबड़तोड़ वार करकेे हत्या करने के बाद मेनगेट में ताला डालकर फरार हो गया था। मामले में पुलिस ने सास और ममेरे ससुर को पहले ही जेल भेज चुकी है।
मूलरूप से रेऊना थानाक्षेत्र के अकबरपुर झवैया निवासी 25 वर्षीय रोशनी देवी की शादी 18 दिसंबर 24 को पड़ोस के गांव संजय कुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद रोशनी परिवार के साथ गुजैनी एफ ब्लाक में रह रही थी। उसका पति संजय गड़रियन पुरवा की एक प्राइवेट फैक्ट्री में काम करता था। रोशनी से संजय की दूसरी शादी थी। उसकी पहली पत्नी ने सुसाइड कर लिया था। संजय की एक 12 साल की बेटी भी है।
शादी के कुछ समय बाद ही पति–पत्नी के बीच छोटी–छोटी बातों को लेकर झगड़ा होने लगा था, जिस पर परिवार वालों ने कई बार समझौता भी कराया। इसके बाद भी 21 नवंबर को झगड़ा होने के बाद संजय ने रोशनी को जलाकर मारने का प्रयास किया था। रोशनी के इसकी शिकायत पुलिस से करने के बाद संजय व उसकी मां इंदिरा देवी के खिलाफ गोविंद नगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था, जिसके बाद से संजय मां और बेटी को लेकर अलग रहने लगा था।
26 दिसंबर को संजय फिर गुजैनी पहुंचा और रोशनी से माफी मांगकर साथ रहने लगे।अगले दिन 27 दिसंबर को विवाद के बाद संजय ने उसकी हत्या कर दी थी और फरार हो गया था। मोबाइल स्विच आफ आने पर भाई राहुल घर पहुंचा तो घटना की जानकारी हुई थी। गोविंदनगर थानाप्रभारी रिकेश कुमार सिंह ने बताया कि हत्यारोपित पति संजय को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। |