search

North Bihar weather update : ठंड को हल्के में न लें, बच्चे और बुजुर्गों का स्वास्थ्य खतरे में, स्कूल व कोचिंग भी बंद

cy520520 2026-1-4 17:56:35 views 671
  



डिजिटल डेस्क, दरभंगा। जैसे-जैसे तापमान गिर रहा है, वैसे-वैसे ठंड का असर सबसे पहले बच्चों और बुजुर्गों पर दिखाई देने लगा है। कमजोर प्रतिरोधक क्षमता, लापरवाही और सही देखभाल की कमी उन्हें गंभीर बीमारियों की ओर धकेल सकती है। ऐसे में सतर्कता बेहद जरूरी है, क्योंकि थोड़ी-सी सावधानी कई जिंदगियों को सुरक्षित रख सकती है। ठंड अब सिर्फ मौसम नहीं, एक चेतावनी बन चुकी है, जिसे अनदेखा करना भारी पड़ सकता है।
स्कूलों में छह तक बंद रहेगा पठन पाठन

बढ़ती ठंड से बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव और उनकी सुरक्षा के दृष्टिकोण से सरकारी और निजी स्कूलों सहित कोचिंग में पहली से आठवीं कक्षा तक में पठन पाठन कार्य को छह जनवरी तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने डीएम के निर्देश पर आदेश जारी किया है। कहा है कि छह जनवरी तक कोचिंग संस्थान सहित प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में पठन-पाठन कार्य नहीं होगा। शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मी विद्यालय में उपस्थित रहेंगे।
ठंड से लोग रहे परेशान

रविवार को भी ठंड की वजह से लोग दिनभर परेशान रहे। मौसम विभाग के अनुसार छह जनवरी तक मौसम खराब रहने का अनुमान है। गुरुवार और शुक्रवार की सुबह धूप निकलने से लोगों को लगा था कि मौसम में सुधार होगा। इस दौरान अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई थी और यह 18 डिग्री तक पहुंच गया था।
शनिवार व रविवार को टूटा ठंड का रिकॉर्ड

शनिवार व रविवार को ठंड ने अब तक के सारे कीर्तिमान ध्वस्त कर दिए। दिनभर घना कुहासा छाया रहा। पछुआ हवा करीब आठ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती रही और ठंड का कहर बरपाती रही, लेकिन इसके बावजूद कुहासे की चादर छंट नहीं सकी। डा. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा. ए सत्तार के अनुसार उत्तर बिहार में छह जनवरी तक कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग के रिकार्ड के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों ही तापमान सामान्य से काफी नीचे रहे। अधिकतम तापमान सामान्य से 6.8 डिग्री सेल्सियस कम, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग 3 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकार्ड किया गया।
शीतलहर को देखते हुए 168 जगहों पर अलाव की व्यवस्था

बढ़ती ठंड और शीतलहर की गंभीरता को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग और जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले के सभी 18 अंचलों में प्रमुख चौक-चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था की गई है। जिले के कुल 168 स्थानों पर अलाव जलाए जा रहे हैं।
कंबल वितरण और प्रशासन की अपील

शनिवार को अलाव के लिए 30.79 क्विंटल लकड़ी जलाई गई। अब तक कुल 343.53 क्विंटल लकड़ी का उपयोग किया जा चुका है। समाज कल्याण विभाग ने सभी अनुमंडल और प्रखंड विकास पदाधिकारियों को 5171 कंबल उपलब्ध कराए हैं, जिनमें से 1402 कंबल जरूरतमंदों के बीच वितरित किए जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने लोगों से शीतलहर से बचाव के लिए पूरी सतर्कता बरतने की अपील की है।
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
163403