search

UP Weather Updates: हमीरपुर में बूंदाबांदी, कानपुर देहात में मुरी एक्सप्रेस में बच्चे और फतेहपुर में किसान की सर्दी से मौत

deltin33 2026-1-3 01:27:26 views 849
  



जागरण टीम, कानपुर। कन्नौज, हमीरपुर, उन्नाव, महोबा, औरैया, बांदा, इटावा, उरई, चित्रकूट, फतेहपुर, कानपुर देहात और फर्रुखाबाद सहित कई जिलों में शुक्रवार को सुबह से घना कोहरा छाया रहा। हमीरपुर में दिनभर धूप नहीं निकली और बूंदाबांदी होने से सर्दी और बढ़ गई। सर्द हवा के चलने से गलत बढ़ गई। न्यूनतम तापमान 7 से 10 डिग्री और अधिकतम 14.5 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। सर्दी से बचाव के लिए लोगों ने अलाव व हीटर का सहारा लिया। फतेहपुर के ऐरायां क्षेत्र में सर्दी लगने से 55 वर्षीय किसान रणधीर सिंह की मौत हो गई।

  

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में सर्दी और बढ़ने का पूर्वानुमान जताया है। मुरी एक्सप्रेस में टूंडला स्टेशन के पास कानपुर देहात के रसूलाबाद के मलगुजरा निवासी 10 वर्षीय शिवा की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। पिता महेश पाल ने सर्दी लगने से मौत की आशंका जताई है। औरैया में घने कोहरे के चलते फफूंद रेलवे स्टेशन पर दिल्ली से आ रही तेजस एक्सप्रेस को रोकना पड़ा। हालांकि, दो मिनट बाद ट्रेन को रवाना कर दिया गया।

  
कानपुर में हार्ट अटैक के 64 तो ब्रेन स्ट्रोक के 94 मामले आए सामने, सात की मौत


कड़ाके की सर्दी के बीच हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक के मामले सामान्य दिनों के मुकाबले तीन गुणा तक बढ़ गए हैं। एलएलआर अस्पताल की इमरजेंसी में शुक्रवार को ब्रेन स्ट्रोक से पीड़ित 94 मरीज भर्ती हुए। वहीं, हृदय रोग संस्थान की ओपीडी में 861 मरीज पहुंचे। इमरजेंसी में भी एंजाइना पेन, सांस लेने में दिक्कत और सीने में दर्द की शिकायत लेकर 153 मरीज आए। इनमें से 64 मरीजों को गंभीर हालत के चलते भर्ती करना पड़ा। वहीं, सात मरीजों ने कार्डियोलाजी पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।  


हृदय रोग संस्थान के प्रो. अवधेश शर्मा ने बताया कि सर्दी में स्ट्रेस हार्मोंस का स्तर बढ़ जाता है। अत्यधिक तनाव, कम नींद, शराब का सेवन और धूमपान भी हृदय रोगियों की संख्या बढ़ा रहा है। इन सबके बीच अत्यधिक सर्दी में हृदय की नस भी सिकुड़ जाती है। इससे सीने में दर्द और हृदय घात की आशंका बढ़ जाती है।

  
औरैया में पानी की तरह पूरे दिन झरता रहा कोहरा

औरैया में शुक्रवार को शीत लहर चलती रही। शुक्रवार को पूरे दिन बादल छाए रहे। कोहरा पानी की तरह झरता रहा। मौसम विज्ञानी डा. राम पलट ने बताया कि अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस पहुंचा। वायुमंडल में 85 प्रतिशत आद्रता रही। आठ किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवा चली। हवा की गति बढ़ने से लोगों को अधिक सर्दी का एहसास हुआ।

  
बांदा में दिन भर नहीं हुए सूर्य देव के दर्शन, ठिठुरते रहे लोग

बांदा में पूरे दिन सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए। कोहरे की चादर से पूरा जिला दिन भर ढका रहा। सुबह की शुरूआत घने कोहरे के साथ हुई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं आर्द्रता 80 से 100 प्रतिशत रही। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में सर्दी बढ़ने की संभावना जताई है।

  
कानपुर देहात में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया

कानपुर देहात में सुबह से ही शीतलहर चलने से गलन काफी बढ़ गई। अधिकतम तापमान करीब पांच डिग्री नीचे गिरकर 14.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया तो न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोहरे की धुंध ने ट्रेनों की रफ्तार में ब्रेक लगा दिया है।

  
इटावा में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस

इटावा में शीतलहर और कड़ाके की वजह से मौसम नए साल में और भी ज्यादा बिगड़ गया है, हालत यह कि नए साल के शुरुआती दो दिन में ही धुंध, शीतलहर और गलन बढ़ने के साथ आम लोगों की मुश्किलें भी बढ़ गई है। शुक्रवार को सुबह कोहरे के साथ-साथ फुहारें पड़ने से मौसम बेहद गलनभरा रहा, लोग घरों में ही दुबके रहे। जबकि शुक्रवार को न्यूनतम तापमान गुरुवार के 6.6 डिग्री की अपेक्षा 7.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

  
फर्रुखाबाद में विद्यालय रहेंगे बंद

शीतलहर और कोहरे के मद्देनजर शिक्षा निदेशक बेसिक व माध्यमिक ने सभी बोर्ड से संचालित नर्सरी से 12वीं तक विद्यालयों का अवकाश पांच जनवरी तक कर दिया गया है। इसका कड़ाई से पालन कराने का आदेश जिला विद्यालय निरीक्षक व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिया गया है।

  
फतेहपुर में सर्दी का सितम जारी

फतेहपुर में शुक्रवार को खेत में पानी लगाने गए एक किसान की सांसें थम गईं। दिन भर भगवान भास्कर के दर्शन नहीं हुए और कोहरे की चादर से आसमान ढका रहा। दोपहर तक तो दृश्यता मात्र पांच मीटर ही थी, जिससे सड़क यातायात रेंगता रहा। बर्फीली हवा से जनमानस ही नहीं पशु-पक्षी भी कांप उठे। अधिकतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं, न्यूनतम पारा 9 डिग्री सेल्सियस रहा। दृश्यता मात्र पांच मीटर रही।

  
कन्नौज में कोहरे से दिन में रात जैसा नजारा

पछुआ हवा के साथ कोहरा की ऐसे घनी चादर छाई रही जिससे दोपहर को रात जैसा नजारा रहा। कोहरा के कारण आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और गाजियाबाद ग्रीनफील्ड हाईवे समेत प्रमुख मार्गों पर वाहनों की रफ्तार सुस्त पड़ गई। मौसम विज्ञानी डा. अमरेंद्र यादव ने बताया कि न्यूनतम तापमान 7 डिग्री और अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। दिन में ओस गिरने के साथ 12 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से पछुआ हवा चलने से गलन बढ़ गई।

  
उन्नाव में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा

उन्नाव में कैलेंडर नए वर्ष के पहले दिन गुरुवार को जहां सूर्य देव ने सुबह 10 बजे से ही अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए आम जनमानस को सर्दी से कुछ राहत दी थी। वहीं शुक्रवार को मौसम ठीक इसके विपरीत रहा। सूर्य देव के दर्शन पूरे दिन नहीं हुए। अधिकतम तापमान 14.5 और न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम लगातार बदल रहा है। कभी बारिश, कभी कोहरा, कभी धूप तो कभी बादल छा रहे हैं।
like (0)
deltin33administrator

Post a reply

loginto write comments
deltin33

He hasn't introduced himself yet.

1510K

Threads

0

Posts

4710K

Credits

administrator

Credits
472695