deltin33 • 2025-12-20 04:36:46 • views 722
फाइल फोटो।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। शहर के वरिष्ठ चिकित्सक और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आइएमए) जमशेदपुर शाखा के उपाध्यक्ष डॉ. मृत्युंजय सिंह ने बीमा पॉलिसी से लाखों रुपये की ठगी का गंभीर आरोप लगाया है। इस बाबत उन्होंने बिष्टुपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। डॉक्टर का आरोप है कि आधार, मोबाइल नंबर, ई-मेल और केवाइसी विवरण में हेरफेर कर उनकी बीमा पॉलिसी पर अवैध कब्जा किया गया, जिससे उन्हें करीब पांच लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ। डॉ. मृत्युंजय सिंह के अनुसार उन्होंने वर्ष 2007 में बजाज एलियांज जीवन बीमा कंपनी से एक बीमा पॉलिसी ली थी, जिसकी Maturity Year 2027 में होनी थी। आरोप है कि जुलाई 2023 में उनकी जानकारी और सहमति के बिना पॉलिसी से जुड़ी केवाइसी जानकारी बदल दी गई। पॉलिसी में दर्ज उनका मोबाइल नंबर और ई-मेल आइडी हटाकर किसी अन्य व्यक्ति का विवरण जोड़ दिया गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि बदली हुई पहचान के आधार पर एक दूसरी बीमा पॉलिसी को सक्रिय कर लिया गया। उन्हें बार-बार यह आश्वासन दिया गया कि पॉलिसी की राशि उनके बैंक खाते में भेज दी जाएगी, लेकिन अब तक कोई भुगतान नहीं हुआ। दूसरी पॉलिसी की अनुमानित कीमत करीब 7.5 लाख रुपये बताई गई, जबकि लगभग 6 लाख रुपये मिलने की बात कही गई थी। डॉ. सिंह का कहना है कि उन्होंने पहले ही बीमा कंपनी को लिखित रूप से सूचित किया था कि उनकी किसी भी पॉलिसी को किसी अन्य व्यक्ति को हस्तांतरित न किया जाए। इसके बावजूद कथित साजिश के तहत फर्जीवाड़ा किया गया। उन्होंने पुलिस से धोखाधड़ी, जालसाजी और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले के सामने आने के बाद चिकित्सा और बीमा जगत में भी चिंता और चर्चा तेज हो गई है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें |
|