इंडियन प्रीमियर लीग आईपीएल-2026 के चयनित टिहरी जनपद के मयंक रावत।
संवाद सहयाेगी जागरण नई टिहरी: उत्तराखंड के टिहरी जनपद की खासपट्टी अंतर्गत ग्रामसभा गडोलिया के होनहार युवा क्रिकेटर मयंक रावत का चयन इंडियन प्रीमियर लीग आइपीएल-2026 के लिए देश की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस में हुआ है। यह उपलब्धि न केवल टिहरी जनपद, बल्कि पूरे उत्तराखंड, विशेषकर जाखणीधार विकासखंड के लिए गर्व का विषय है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
16 दिसंबर 2025 को आयोजित आइपीएल-2026 मिनी आक्शन में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली के इस अनकैप्ड आलराउंडर को उनके बेस प्राइस 30 लाख रुपये में खरीदा है। इसके साथ ही मयंक को अपना पहला आइपीएल कान्ट्रैक्ट मिला और वह मुंबई इंडियंस की 25 सदस्यीय स्क्वाड का हिस्सा बन गए हैं।
आगामी आइपीएल 2026 में उन्हें रोहित शर्मा व हार्दिक पांड्या जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर मिलेगा। मयंक रावत दाएं हाथ के आक्रामक बल्लेबाज होने के साथ ही उपयोगी आफ-स्पिन गेंदबाज भी हैं।
उनका जन्म टिहरी गढ़वाल में हुआ, हालांकि क्रिकेट करियर उन्होंने दिल्ली से संवारा। वह दिल्ली रणजी ट्राफी टीम का हिस्सा भी रहे हैं और 2024-25 सत्र में एक मुकाबला खेल चुके हैं। मयंक को असली पहचान दिल्ली प्रीमियर लीग-2024 से मिली, जहां उन्होंने ईस्ट दिल्ली राइडर्स की ओर से शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा।
दिल्ली प्रीमियर लीग-2024 में उनका प्रदर्शन 7 पारियों में 289 रन, औसत 72.25, स्ट्राइक रेट से तीन अर्धशतक व गेंदबाजी में 11 विकेट फाइनल मुकाबले में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज़ के खिलाफ मयंक ने नाबाद 78 रन (39 गेंद, 7 चौके, 6 छक्के) की तूफानी पारी खेली। अंतिम ओवर में आयुष बडोनी को लगातार 5 छक्के जड़कर उन्होंने टीम को चैंपियन बनाया। इसी धमाकेदार प्रदर्शन ने मुंबई इंडियंस के स्काउट्स को प्रभावित किया और मयंक को आइपीएल का टिकट मिल गया।
फिनिशर की भूमिका में माहिर मयंक मिडिल आर्डर में खासतौर पर स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक खेल के लिए जाने जाते हैं। मयंक के चयन पर उनके पिता राम सिंह रावत सहित पूरे परिवार को क्षेत्रवासियों ने बधाई दी हैं।
कमल सिंह बागड़ी आदि लोगों ने इसे खास पट्टी के लिए विशेष गौरव बताया। इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मयंक को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। पहाड़ों से निकलकर देश की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग तक पहुंचने वाले मयंक रावत आज उत्तराखंड के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गए हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि आइपीएल-2026 में वह अपने प्रदर्शन से न केवल दिल्ली, बल्कि अपने गृह राज्य उत्तराखंड का भी नाम रोशन करेंगे।
यह भी पढ़ें- IPL 2026: CSK ने जिस Kartik Sharma पर लगाया दांव, कैसे बना तपकर वो हीरा; मां-बाप के त्याग की असली कहानी
यह भी पढ़ें- अमृतसर का सलिल पहुंचा IPL में, डेढ़ करोड़ में बिका, सिक्सर किंग के नाम से है मशहूर |